नौगांवा के सचिन चौधरी को उत्तम जीवन रक्षा पदक से केन्द्रीय गृहमंत्री ने किया सम्मानित
रामगढ़ (राधेश्याम गेरा) रामगढ़ उपखण्ड क्षेत्र के नौगांवा कस्बा निवासी सचिन चौधरी को गाजियाबाद में आयोजित सम्मान समारोह में उत्तम जीवन रक्षा पदक से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान सचिन चौधरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के द्वारा दिया गया। सचिन को यह पदक उत्तराखंड टनल रेस्क्यू ऑपरेशन में उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला है।
सचिन चौधरी राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) में कार्यरत हैं। सचिन को यह सम्मान नवंबर 2023 में उत्तराखंड की सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को 17 दिनों के बाद सुरक्षित बाहर निकालने के लिए चलाए गए बचाव अभियान में उनकी बहादुरी और साहस के लिए दिया गया है। इस पदक श्रृंखला को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जनवरी 2024 में मंजूरी दी थी। इस सम्मान में एक पदक, प्रमाण पत्र और 1.5 लाख रुपए की नकद राशि शामिल है।
"उत्तम जीवन रक्षा पदक" भारत सरकार द्वारा उन व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए असाधारण साहस और मानवता का परिचय दिया हो। सचिन चौधरी ने कठिन परिस्थितियों में अपनी जान की परवाह किए बगैर मानव जीवन की रक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसकी पूरे देश में सराहना हो रही है।
सचिन चौधरी की इस उपलब्धि से उनके गृह नौगांवा क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों और युवाओं ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि सचिन जैसे जवान देश और समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।


