लूपिन फाउंडेशन और राजस्थान सरकार के साझा प्रयास से सीएचसी गोविंदगढ़ में स्वास्थ्य शिविर आयोजित
गोविन्दगढ़ (अलवर): लूपिन ह्यूमन वेलफेयर एंड रिसर्च फाउंडेशन अलवर और राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान में जिले में गैर-संचारी बीमारियों (NCD) की रोकथाम और स्वास्थ्य सुधार के लिए एक विशेष साझा कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोविन्दगढ़ में लूपिन फाउंडेशन के सानिध्य में एक विशाल स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया।
शिविर में लूपिन फाउंडेशन की अत्याधुनिक मोबाइल मेडिकल वैन के माध्यम से आई प्रशिक्षित मेडिकल टीम द्वारा क्षेत्र के ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस शिविर में कुल 106 मरीजों का पंजीकरण किया गया, जिनकी बीपी, शुगर, स्पाइरोमीटर (फेफड़ों की जांच), सीबीसी और एक्स-रे जैसी महत्वपूर्ण जांचें पूरी तरह निःशुल्क की गईं और उन्हें उचित इलाज मुहैया कराया गया। जांच के दौरान अधिकांश मरीज श्वास (सांस) रोग, मधुमेह (शुगर) और हृदय रोग से ग्रसित पाए गए।
- चिकित्सा एवं शिविर प्रबंधन टीम:
शिविर में डॉक्टर दिनेश कुमार के नेतृत्व में मरीजों को परामर्श और उपचार दिया गया। इस अवसर पर सीएचसी इंचार्ज डॉ. शिवकान्त शर्मा, डॉ. निशी अग्रवाल, डॉ. डी. पी. शर्मा और डॉ. नसीब खान सहित अस्पताल का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।
शिविर के कुशल संचालन में संचालक गौरव सैनी, ईसीजी तकनीशियन रविता चौधरी, महेश शर्मा, पुष्पेन्द्र गहलोत, सपना शर्मा, नितेश सैनी, प्रियंका तथा एएनएम मोनिका व विनोद ने सक्रिय भूमिका निभाई।
- सीएचसी प्रभारी की सराहना और जनता की मांग:
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रभारी डॉ. शिवकान्त शर्मा ने लूपिन फाउंडेशन की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के शिविर गंभीर बीमारियों को समय पर पहचानने और लोगों को राहत देने में बेहद मददगार साबित हो रहे हैं।
शिविर की उपयोगिता और बेहतरीन व्यवस्थाओं को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने बेहद खुशी जताई। लोगों ने लूपिन फाउंडेशन और प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर निरंतर आयोजित किए जाएं और इस मोबाइल मेडिकल वैन सेवा को क्षेत्र के लिए स्थायी बनाया जाए।


