कठूमर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में ताला तोड़कर चोरी, इन्वर्टर और एलईडी सहित कीमती सामान पार
बार-बार हो रही चोरी की वारदातों से स्कूल स्टाफ में भारी रोष, विद्यालय प्रशासन ने पुलिस से की रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा पुख्ता करने की मांग
कठूमर (दिनेश लेखी) कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बीती रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर विद्यालय परिसर से कीमती इन्वर्टर, एलईडी (LED) सहित अन्य आवश्यक सामान चोरी कर फरार हो गए। सुबह जब विद्यालय स्टाफ पहुंचा, तो कमरों के ताले टूटे देख विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
मामले को लेकर विद्यालय के प्रधानाचार्य विराज चौहान ने स्थानीय पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। प्रधानाचार्य ने बताया कि चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर स्कूल के कमरों के ताले चटकाए और सामान समेट ले गए।
- सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल:
प्रधानाचार्य चौहान ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में पहले भी कई बार चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। पुख्ता सुरक्षा इंतजाम न होने के कारण चोर लगातार विद्यालय को निशाना बना रहे हैं, जिससे राजकीय संपत्ति का भारी नुकसान हो रहा है। इस स्थिति से पूरे स्कूल स्टाफ में असुरक्षा और नाराजगी का माहौल है।
स्थानीय पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर चोरों की तलाश और जांच शुरू कर दी है। वहीं, विद्यालय प्रशासन व ग्रामीणों ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सरकारी शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध करने की मांग की है।


