द बोहराज ग्लोबल स्कूल ने फिर लहराया सफलता का परचम, कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम रहा शत-प्रतिशत
महुवा (अवधेश अवस्थी) महुवा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहे द बोहराज ग्लोबल स्कूल ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा को कायम रखते हुए कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में शानदार सफलता अर्जित की है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम इस वर्ष शत-प्रतिशत रहा, जिसने न केवल विद्यालय परिवार बल्कि दौसा क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी, उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाइयां दीं।
विद्यालय की छात्रा मधु सैनी ने 93.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। मधु की इस शानदार उपलब्धि ने विद्यालय का नाम क्षेत्रभर में रोशन किया है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं नियमित अध्ययन को दिया। वहीं हैप्पी गुप्ता ने 92.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया तथा देवांशु गर्ग ने 90.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों विद्यार्थियों की उपलब्धि विद्यालय के लिए गौरव का विषय बनी हुई है।
विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। भाविका मीणा एवं चेतना सिंह ने 88.20 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। अनुराग मीणा ने 86.20 प्रतिशत, निशा बानो ने 85.80 प्रतिशत, अनमोल गुप्ता ने 85.60 प्रतिशत, पंकज मीणा ने 85 प्रतिशत, सौरभ रमन ने 84.60 प्रतिशत अंक अर्जित किए। वहीं द्रष्टि अग्रवाल ने 83.40 प्रतिशत, अक्षरा अग्रवाल ने 83.20 प्रतिशत तथा कृतिका मीणा ने 81.20 प्रतिशत, प्रकाश अवस्थी ने 78.80 प्रतिशत, प्रथमा बोहरा ने 77.40 प्रतिशत, भूमि खंडेलवाल ने 76.40 प्रतिशत अंक प्राप्त प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यालय के अधिकांश विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त कर विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को साबित किया।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे नियमित अध्ययन, अनुशासित वातावरण, आधुनिक शिक्षण प्रणाली तथा अनुभवी शिक्षकों की मेहनत का विशेष योगदान रहा है। विद्यालय में विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं एवं व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। समय-समय पर आयोजित होने वाली अतिरिक्त कक्षाएं, टेस्ट सीरीज, मोटिवेशनल सेशन एवं करियर गाइडेंस कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में सहायक साबित हुए हैं।
विद्यालय परिवार ने परीक्षा परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, शिक्षकों की निष्ठा एवं अभिभावकों के सहयोग का सामूहिक परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले वर्षों में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम देने का प्रयास जारी रहेगा।
स्कूल के डायरेक्टर विनय बोहरा एव सह डायरेक्टर विकास बोहरा,प्रिंसिपल एवं सभी स्टाफ ने सभी सफल विद्यार्थियों को सम्मानित करने की घोषणा करते हुए कहा कि मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियां अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। समिति के संरक्षक गोपुत्र अवधेश अवस्थी ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों से भी जोड़ना है ताकि वे भविष्य में समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी नागरिक बन सकें।
अभिभावकों ने भी विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था, अनुशासन एवं शिक्षकों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। परिणाम आने के बाद विद्यार्थियों के घरों में भी खुशी का माहौल देखने को मिला और परिजनों ने मिठाइयां बांटकर खुशी व्यक्त की।
महुवा क्षेत्र में द बोहराज ग्लोबल स्कूल की यह सफलता चर्चा का विषय बनी हुई है। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के लिए गर्व की बात बताया है। विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी निरंतर मेहनत कर नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित किया।


