कैलादेवी मंदिर पर उमड़ी राहगीरों की भीड़; पक्षियों के लिए लगाए जाएंगे 21 परिंडे, बस ऑपरेटर यूनियन और मिथिलेश गुप्ता समिति की सराहनीय पहल
भरतपुर (विष्णु मित्तल) दी मोटर बस ऑपरेटर यूनियन एवं श्रीमती मिथिलेश गुप्ता सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में पुरुषोत्तम मास (मल मास) के शुभारम्भ से एक दिन पूर्व हीरादास बस स्टैण्ड स्थित श्री कैलादेवी मंदिर पर करतार सिंह मदेरणा एवं मेघराज मुखिया के सानिध्य में मिल्करोज एवं शर्बत का वितरण किया गया। साथ ही 17 मई से 15 जून तक शीतल जल सेवा प्रारम्भ करने तथा पक्षियों के लिए 21 परिंडे लगाने का संकल्प लिया गया।
समिति के संस्थापक पुनीत गुप्ता एवं अध्यक्ष दीपिका गुप्ता ने बताया कि 17 मई से 15 जून तक पुरुषोत्तम मास रहेगा। इस दौरान प्रदेशभर से श्रद्धालु गोवर्धन, मथुरा, डीग, वृन्दावन, कामवन सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर परिक्रमा एवं दर्शन के लिए आते हैं। श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुरुषोत्तम मास के शुभारम्भ से पूर्व ही शहर के हीरादास स्थित दी मोटर बस ऑपरेटर यूनियन कार्यालय एवं श्री कैलादेवी मंदिर परिसर में शीतल जल सेवा प्रारम्भ करते हुए मिल्करोज एवं शर्बत का वितरण किया गया।
उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम मास के दौरान 15 जून तक प्रतिदिन श्रद्धालुओं एवं राहगीरों के लिए शीतल जल, विश्राम एवं सुरक्षा सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस परोपकारी एवं धार्मिक सेवा कार्य के लिए प्रेरणा समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता एवं समाजसेविका त्रिवेणी गुप्ता से प्राप्त हुई। इस अवसर पर विष्णु मित्तल सहित शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के अनेक समाजसेवी उपस्थित रहे।


