पागल कुत्ते ने 22 लोगों को काटा, 15 अस्पताल पहुंचे:एक बुजुर्ग गंभीर घायल, अलवर रेफर
अलवर जिले के बड़ौदामेव कस्बे में शनिवार को एक पागल कुत्ते ने करीब 22 लोगों को काटकर घायल कर दिया। इनमें से 15 लोग स्थानीय अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें रेबीज के इंजेक्शन लगाए गए। एक 60 वर्षीय बुजुर्ग को गंभीर हालत में अलवर रेफर किया गया है।
घटना शनिवार सुबह 9 बजे शुरू हुई, जब कुत्ते ने लोगों को काटना शुरू किया। शाम 4 बजे तक लगभग 20-22 लोग इसके शिकार हुए। पीड़ितों में से कुछ सीधे अलवर अस्पताल चले गए, जबकि 15 लोग बड़ौदामेव अस्पताल पहुंचे। यादराम पुत्र मनीराम ने बताया कि सुबह 9 बजे जब वह कपड़े प्रेस कर रहे थे, तभी कुत्ते ने पीछे से उनके पैर पर हमला कर दिया।
स्थानीय अस्पताल में इलाज कराने वालों में समायरा (6) पुत्री इसूब मंडावर, यादराम (50) पुत्र मनीराम बड़ौदामेव, कशिश (3) पुत्र रमेश, तैयब खान (47), ओमप्रकाश (32) पुत्र लल्लूराम खेड़ला, तवेश्म (16) पुत्र बसघर मीना का बास, सोनू (27) पुत्र पन्नीलाल, चाहत (60) पुत्र हरफूल बड़ौदामेव, आकाश (11), प्रियंका (8), मीनू (20), मदन चौधरी (25) पुत्र जवाहर सिंह निवासी रोणपुर, आमिर (15) पुत्र रमजान, भावेश (5) और लखबीर सिंह (60) पुत्र केहर सिंह शामिल हैं। चाहत (60) को गंभीर चोटों के कारण अलवर रेफर किया गया है।
चिकित्सा प्रभारी राजवीर चौधरी ने बताया कि सुबह 9:30 बजे पहला मरीज आया और शाम 6 बजे तक कुत्ते के काटने के कई मामले सामने आए। उन्होंने यह भी बताया कि मुरारीलाल सोनी (59) पुत्र कैलाश चंद सोनी को एक बंदर ने काटा था, उनका भी इलाज किया गया।
अधिशाषी अधिकारी राहुल अग्रवाल ने बताया कि उन्हें शाम 7 बजे कुत्ते के काटने की सूचना मिली। इसके बाद तुरंत कुत्ते को पकड़ने के लिए एक टीम गठित की गई है, और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।


