सड़क हादसे के बाद सवा महीने तक जिंदगी-मौत से लड़ता रहा सोहनलाल, आखिर मंडावर अस्पताल में टूटी सांसें
अलवर/मंडावर (अनिल गुप्ता) अलवर जिले के थाना मंडावर क्षेत्र अंतर्गत करीब सवा महीने पूर्व हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए बाइक सवार सोहनलाल बैरवा की इलाज के दौरान दुखद मृत्यु हो गई है। पुलिस ने मंडावर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब डेढ़ माह पूर्व खेड़ामंगल सिंह गांव निवासी सोहनलाल बैरवा मंडावर से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान स्कूल के सामने बने स्पीड ब्रेकर पर जब उसने अपनी मोटरसाइकिल की गति धीमी की, तभी गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से अत्यधिक तेज गति में आ रही एक अनियंत्रित स्विफ्ट डिजायर कार ने उसकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी थी। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया था।
हादसे में सोहनलाल को अत्यंत गंभीर चोटें आई थीं। परिजनों द्वारा उन्हें तुरंत अलवर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जयपुर के एसएमएस (SMS) ट्रॉमा सेंटर एवं बांगड़ अस्पताल रेफर किया गया था। लंबे समय तक चले सघन उपचार के बाद भी उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका। शनिवार को अचानक तबीयत अधिक बिगड़ने पर परिजन उन्हें स्थानीय मंडावर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर मंडावर थाना पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर चिकित्सकों की टीम से पोस्टमार्टम कराया और कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के पश्चात शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। दुर्घटनास्थल से जब्त की गई स्विफ्ट डिजायर कार के आधार पर पुलिस फरार आरोपी चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है।


