भीलवाड़ा के दवा व्यापारियों द्वारा देशव्यापी केमिस्ट्स हड़ताल सफलतापूर्वक सम्पन्न; स्थानीय प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल, दिनांक 20 मई 2026 ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान पर देशभर के केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट्स द्वारा अवैध एवं अनियंत्रित ऑनलाइन दवा बिक्री तथा जन स्वास्थ्य एवं लाखों छोटे केमिस्ट्स के अस्तित्व से जुड़े गंभीर मुद्दों के विरोध में राष्ट्रव्यापी एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल सफलतापूर्वक आयोजित की गई।
AIOCD एवं राजस्थान केमिस्ट एलायंस के आह्वान पर भीलवाड़ा जिले के सभी केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट्स ने अपने प्रतिष्ठान पूर्णतः बंद रखकर आंदोलन को सर्वसम्मति से समर्थन प्रदान किया।
हड़ताल के दौरान भीलवाड़ा शहर के अलावा तहसील एवं गांवों में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम संबोधित ज्ञापन संभागीय आयुक्त / जिलाधीश / एस.डी.एम. / तहसीलदार के माध्यम से सौंपा गया, जिसमें सरकार का ध्यान निम्नलिखित अत्यंत गंभीर मुद्दों की ओर आकर्षित किया गया:
- 1. दवाओं की अवैध एवं अनियमित ऑनलाइन बिक्री।
- 2. बिना वैध एवं सत्यापित चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की बिक्री एवं होम डिलीवरी।
- 3. ऑनलाइन दवा प्लेटफॉर्म्स द्वारा अत्यधिक छूट (Deep Discounting) की अनुचित नीति, जिससे छोटे एवं लाइसेंसधारी केमिस्ट्स गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि GSR 817(E) एवं GSR 220(E) को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए, जिनका दुरुपयोग विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स एवं क्विक कॉमर्स ऑपरेटर्स द्वारा दवाओं की अनियंत्रित डिलीवरी के लिए किया जा रहा है।
केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट्स ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दवाएं सामान्य उपभोक्ता वस्तु नहीं हैं तथा उचित सत्यापन के बिना उनकी अनियंत्रित ऑनलाइन बिक्री जन स्वास्थ्य, मरीजों की सुरक्षा एवं ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के अंतर्गत स्थापित नियामकीय व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर रही है।
फार्मास्यूटिकल व्यापार से जुड़े प्रतिनिधियों ने यह भी दोहराया कि कोविड महामारी के दौरान देशभर के केमिस्ट्स ने फ्रंटलाइन हेल्थकेयर सपोर्ट प्रदाताओं के रूप में निरंतर सेवाएं देते हुए आमजन तक दवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की थी। इसके बावजूद अवैध ऑनलाइन गतिविधियों के संबंध में बार-बार ज्ञापन एवं प्रमाण प्रस्तुत करने के बाद भी संबंधित प्राधिकरणों द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
अतः केमिस्ट समुदाय ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि मरीजों की सुरक्षा, जन स्वास्थ्य एवं लाखों छोटे लाइसेंसधारी केमिस्ट्स एवं उनके कर्मचारियों के हितों की रक्षा हेतु तत्काल प्रभावी एवं सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। जिले / राज्य में आयोजित यह हड़ताल पूर्णतः शांतिपूर्ण रही तथा इसे केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट समुदाय का व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ।
एसोसिएशन द्वारा जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक एवं आपातकालीन दवाएं उपलब्ध कराकर मानवीय दायित्व का भी निर्वहन किया गया। भीलवाड़ा शहर के अलावा गुलाबपुरा जहाजपुर बिजौलिया आसींद कोटड़ी हम्मीरगढ़ शाहपुरा मांडलगढ़ आदि जगहों पर भी प्रधान मंत्री जी नाम ज्ञापन सौंपा गया।
भीलवाड़ा शहर में प्रातः 9 बजे से ही सभी केमिस्ट से सूचना केंद्र के सामने एकत्रित होने शुरू हो गए। वहां से 10.30 बजे वहां रैली के द्वारा स्टेशन चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंच कर ADM CITY श्रीमती प्रतिभा देवठिया को ज्ञापन दिया।
अध्यक्ष पवन व्यास एवं डिवीजन अध्यक्ष दिनेश गोधा ने मुखर्जी उद्यान में सदस्यों को संबोधित किया। रजत अग्रवाल,विनीत नागौरी ,प्रीत काबरा,पवन छापरवाल ,भारत सोनी आदि का विशेष सहयोग रहा


