भरतपुर :ट्रांसपोर्ट नगर में अतिक्रमण हटाकर, सड़क मार्गाधिकार को यातायात के लिए सुगम बनाने के दिए निर्देश
भरतपुर / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय / 19 नवम्बर।
भरतपुर विकास प्राधिकरण की योजना ट्रांसपोर्ट नगर फेज-1 में सड़क मार्गाधिकार पर लंबे समय से अनाधिकृत एवं संविदा रूप से खड़े वाहनों तथा रिपेयर यार्ड के बाहर सार्वजनिक स्थान पर वाहनों की मरम्मत किए जाने से आमजन एवं स्थानीय व्यापारियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसके कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी।
उक्त समस्या की गंभीरता को देखते हुए भरतपुर विकास प्राधिकरण के प्रभारी अधिकारी (अतिक्रमण) मनीष कुमार मीना, अधिशासी अभियंता, सचिवालय विभाग, यातायात पुलिस एवं थाना कोतवाली की संयुक्त टीम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सड़क मार्गाधिकार पर अनाधिकृत रूप से खड़े वाहनों को हटवाया गया। साथ ही संबंधित क्षेत्र में सड़क मार्गाधिकार को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए गए।
प्राधिकरण द्वारा आमजन एवं व्यापारियों से अपील की गई है कि वे सड़क मार्गाधिकार पर अपने वाहन अनाधिकृत रूप से खड़े नहीं करें तथा रिपेयर यार्ड के बाहर सार्वजनिक स्थान पर वाहनों की मरम्मत का कार्य नहीं करें। रिपेयर यार्ड में मरम्मत कार्य निर्धारित स्थान पर ही संचालित किया जाए तथा अस्थायी दुकानदार स्वयं अतिक्रमण हटाना सुनिश्चित करें।
इस संबंध में संबंधित दुकानदारों एवं वाहन चालकों को सूचित किया जाता है कि प्राधिकरण की योजना क्षेत्र में सड़क मार्गाधिकार पर अनाधिकृत रूप से खड़े पाए जाने वाले वाहनों एवं रिपेयर यार्ड के बाहर मरम्मत कार्य किए जाने पर संबंधित वाहन मालिकों एवं दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बीडीए प्रभारी अधिकारी ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना तथा आमजन के आवागमन को सुगम एवं बाधारहित करना है।

