लक्ष्मणगढ़ : विश्व बाल शोषण रोकथाम दिवस पर विद्यालय में बच्चों को बताए उनके अधिकार
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) कमलेश जैन
विश्व बाल शोषण रोकथाम दिवस के अवसर पर 19 नवंबर को शिव शिक्षा समिति राणोली एवं कवच परियोजना अलवर द्वारा मिशन वात्सल्य के तहत लक्ष्मणगढ़ ब्लॉक के पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लक्ष्मणगढ़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस दौरान विद्यार्थियों को बाल शोषण, बाल हिंसा एवं बाल अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया गया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं भयमुक्त वातावरण में जीवन जीने का अधिकार है। बच्चों के साथ होने वाली शारीरिक एवं मानसिक हिंसा, भेदभाव, बाल श्रम, बाल विवाह और किसी भी प्रकार के शोषण को रोकना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को शिक्षा, सुरक्षा, समानता, स्वास्थ्य एवं विकास तथा अपनी बात रखने के अधिकारों की जानकारी दी गई। साथ ही समझाया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी या हिंसा होने पर चुप न रहें और अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा संबंधित बाल संरक्षण अधिकारियों को इसकी जानकारी दें।
कार्यक्रम में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को विद्यालयों में सुरक्षित वातावरण बनाने तथा बच्चों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने भी बाल अधिकारों एवं बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मिशन वात्सल्य एवं कवच परियोजना अलवर के लक्ष्मणगढ़ ब्लॉक समन्वयक देवेंद्र कुमार मेहरा, पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लक्ष्मणगढ़ के प्रधानाचार्य जगदीश प्रसाद मीणा, व्याख्याता नेतराम यादव, रामकरण मीणा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम में संदेश दिया गया कि प्रत्येक बच्चे को शोषण एवं हिंसा से मुक्त सुरक्षित बचपन, सम्मान और अपने अधिकार मिलने चाहिए। इसके लिए विद्यालय, परिवार, समुदाय एवं प्रशासन को मिलकर प्रयास करने होंगे।

