भरतपुर :नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षणों में पकड़ी गई राशन दुकानों की अनियमितताएं दोनों डीलरों के लाइसेंस निरस्त

Nov 19, 2026 - 18:51
 0
भरतपुर :नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षणों में पकड़ी गई राशन दुकानों की अनियमितताएं  दोनों डीलरों के लाइसेंस निरस्त

खाद्यान्न की संपूर्ण मात्रा वैकल्पिक उचित मूल्य दुकानदारों को कराई गई सुपुर्द, राजकीय खाद्यान्न की नहीं हुई कोई क्षति
भरतपुर / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय / 19 नवम्बर।

दैनिक समाचार पत्र में शुक्रवार को प्रकाशित राशन की दो दुकानों से 9183.6 किलो गेहूं गायब, डीलरों के लाइसेंस निरस्त एवं निगरानी में चूक हर माह 10 दुकानों की जांच का आदेश, फिर भी स्टॉक में हजारों किलो गेहूं कम के संबंध में जिला रसद विभाग द्वारा वस्तुस्थिति स्पष्ट की गई है।
जिला रसद अधिकारी कुशाल बिलाला ने बताया कि समाचार में विभागीय निगरानी में चूक तथा 9183.6 किलोग्राम गेहूं गायब होने का उल्लेख तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के प्रवर्तन तंत्र द्वारा नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण किए जाने के दौरान ही दोनों उचित मूल्य दुकानों में स्टॉक संबंधी अनियमितताओं का पता लगाया गया था। उन्होंने बताया कि प्रवर्तन अधिकारी, भरतपुर द्वारा 8 अगस्त, 2026 को वार्ड संख्या 50, शहर भरतपुर स्थित उचित मूल्य दुकान (पोस कोड 12873), डीलर घनश्याम का तथा प्रवर्तन निरीक्षक, रूपवास द्वारा 15 सितम्बर, 2026 को ग्राम पंचायत पहाड़पुर, तहसील रूपवास स्थित उचित मूल्य दुकान (पोस कोड 17911), डीलर राजेश कुमार का औचक निरीक्षण किया गया। इन निरीक्षणों के दौरान स्टॉक में अंतर पाया गया। पहाड़पुर प्रकरण में माह अक्टूबर के आवंटन की आपूर्ति प्राप्त होने के दिन ही 15 सितम्बर को भौतिक सत्यापन कर अनियमितता उजागर की गई।
वैकल्पिक दुकानदारों को कराई खाद्यान्न की सुपुर्दगी
उन्होंने बताया कि विभागीय अभिलेखों के अनुसार दोनों दुकानों में जांच के दौरान कम पाए गए गेहूं की संपूर्ण मात्रा बाद में वैकल्पिक उचित मूल्य दुकानदारों को भौतिक रूप से सुपुर्द करवा दी गई है। वार्ड संख्या 50, भरतपुर की दुकान से संबंधित 4165 किलोग्राम गेहूं चार्ज हस्तांतरण रिपोर्ट 2 नवम्बर, 2026 के माध्यम से वैकल्पिक दुकानदार नरेन्द्र सिंघल (पोस कोड 12890) को तथा ग्राम पंचायत पहाड़पुर की दुकान से संबंधित 7362.50 किलोग्राम (73.6250 क्विंटल) गेहूं प्राप्ति रसीद 15 अक्टूबर, 2026 के माध्यम से वैकल्पिक दुकानदार जीएसएस बंसी पहाड़पुर (पोस कोड 11942) को सुपुर्द करवाया जा चुका है। इस प्रकार राजकीय खाद्यान्न की कोई क्षति नहीं हुई है।
दोनों दुकानदारों के लाइसेंस निरस्त, प्रतिभूति राशि जब्त
उन्होंने बताया कि खाद्यान्न की संपूर्ण मात्रा वैकल्पिक दुकानदारों को सुपुर्द करवाने के बावजूद अनियमितता के मामलों में विभाग द्वारा कोई नरमी नहीं बरती गई है। विभागीय प्रकरण संख्या 19/2026 एवं 20/2026 में 18 नवम्बर, 2026 को दोनों उचित मूल्य दुकानदारों के लाइसेंस निरस्त कर उनकी संपूर्ण जमा प्रतिभूति राशि राजहित में जब्त कर ली गई है। यह कार्रवाई सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखने तथा अन्य उचित मूल्य दुकानदारों को भविष्य में ऐसी अनियमितताओं की पुनरावृत्ति से रोकने के उद्देश्य से की गई है।
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि विभाग द्वारा विगत दिनों में अनियमितता बरतने वाले एक दर्जन से अधिक उचित मूल्य दुकानदारों के प्राधिकार पत्र निरस्त किए गए हैं। विभाग सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न वितरण की निरंतर निगरानी कर रहा है। साथ ही दोनों प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को वैकल्पिक उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से नियमित खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................