जन हितैषी संस्था सिरोही का हरित संदेश पहुंचा दक्षिण सूडान; विश्व पर्यावरण दिवस पर भारतीय फील्ड हॉस्पिटल में पौधारोपण
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दक्षिण सूडान स्थित भारतीय फील्ड हॉस्पिटल परिसर में एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राजस्थान के नीमकाथाना निवासी सुमेर कसवा (संजय) ने पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का वैश्विक संदेश दिया।
संजय कसवा वर्तमान में संयुक्त राष्ट्र (UN) शांति मिशन के तहत दक्षिण सूडान में भारतीय फील्ड हॉस्पिटल में इमरजेंसी एंड ट्रॉमा केयर टेक्नीशियन के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे सिरोही की प्रसिद्ध 'जन हितैषी संस्था' के संस्थापक अनिल फौजी के छोटे भाई हैं और संस्था के सामाजिक व पर्यावरण अभियानों से लंबे समय से जुड़े हुए हैं।
पौधारोपण के दौरान संजय कसवा ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन पूरी दुनिया के लिए चुनौती है। ऐसे में हर व्यक्ति को अधिक से अधिक पेड़ लगाने का संकल्प लेना चाहिए।
इस मौके पर भारतीय फील्ड हॉस्पिटल के कंटिन्जेंट कमांडर डॉ. कर्नल निर्मल्या बंद्योपाध्याय ने जन हितैषी संस्था की इस पहल को सराहा और कहा कि भारतीय नागरिक और सैनिक न केवल सुरक्षा बल्कि वैश्विक सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने में भी आगे हैं। कार्यक्रम में अस्पताल के सभी डॉक्टर्स, नर्सिंग व पैरामेडिकल स्टाफ ने भी भाग लिया।


