गोविंदगढ़-बडौदामेव क्षेत्र में अंधड़ से हुआ नुकसान; प्रशासन मुस्तैद, घायलों का उपचार और बिजली बहाली के कार्य युद्धस्तर पर जारी
अलवर जिले के बडौदामेव क्षेत्र में रात करीब 8 बजे आए अंधड़ के कारण सोराई गांव में एक घर की दीवार गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में दो मवेशियों की भी मौत हो गई। तूफान से दर्जनों बिजली के पोल भी धराशायी हो गए, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हुई।
स्थानीय निवासी लियाकत खान ने बताया कि- रात में आए तेज तूफान के दौरान मुंशी खान और जाकर बारिश से बचने के लिए नेक मोहम्मद के घर की दीवार के पास रुके थे। नेक मोहम्मद और उनकी पत्नी अनसिरा भी वहीं बैठे थे। तभी तेज हवा के झोंके से दीवार अचानक गिर गई और चारों लोग मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने मुंशी खान और जाकर को जयपुर रेफर कर दिया है। नेक मोहम्मद और उनकी पत्नी अनसिरा का इलाज अलवर में जारी है। इस हादसे में नेक मोहम्मद के दो पालतू पशुओं की भी मौत हो गई।
12 बिजली के पोल टूटकर खेतों में गिर गए
तूफान के कारण बडौदामेव क्षेत्र को लक्ष्मणगढ़ से जोड़ने वाली 33KV मुख्य लाइन के करीब 12 बिजली के पोल गंडूरा के पास टूटकर खेतों में गिर गए। इससे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और इलाका अंधेरे में डूब गया। बिजली न होने के कारण सुबह ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा, क्योंकि पानी की सप्लाई बाधित रही।
बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता विशाल चौधरी ने बताया- आंधी-तूफान से विभाग के बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है। खेतों में गिरे 12 पोलों को दोबारा खड़ा कर मुख्य बिजली आपूर्ति बहाल करने में एक दिन का समय लग सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीणों को पानी की किल्लत न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर गोविंदगढ़ फीडर से बिजली सप्लाई चालू करने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।


