सरकारी जमीन को निजी बताकर दिल्ली के कारोबारी से 8 लाख की ठगी, रामगढ़ प्रधान के बेटे सहित अन्य पर मामला दर्ज
थानाधिकारी विनोद सामरिया ने बताया- शिकायत में आरोप लगाया गया है कि महबूब खान ने गांव बगड़ राजपूत स्थित खसरा संख्या 1789 की भूमि को अपनी निजी संपत्ति बताकर उसका सौदा तय किया। आरोपी ने पीड़ित को भरोसा दिलाया कि करीब 24.5 बीघा जमीन मुख्य सड़क से सीधे जुड़ी हुई है और उसके स्वामित्व में है। इसके बाद पुलिस ने मामले को परिवाद में लेकर गहनता से जांच की।
- सरकारी भूमि को निजी बताकर सौदा कराया
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य सड़क से लगी जिस भूमि को सौदे का हिस्सा बताया गया, वह वास्तव में राज्य सरकार की भूमि है। आरोप है कि इस महत्वपूर्ण तथ्य को जानबूझकर छिपाया गया और सरकारी भूमि को निजी बताकर सौदा कराया गया।
शिकायत के मुताबिक, 10 मार्च 2026 को आरोपी पक्ष ने पीड़ित से बयाना राशि के रूप में 8 लाख रुपये नकद प्राप्त किए। बाद में जब भूमि के स्वामित्व को लेकर वास्तविक स्थिति सामने आई, तो पीड़ित ने विरोध जताया। आरोप है कि इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस का कहना है कि मामले में भूमि रिकॉर्ड, राजस्व दस्तावेजों और अन्य संबंधित अभिलेखों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


