पुरुषोत्तम मास पर सेवा का संकल्प: राधा कृष्ण बस्ती द्वारा 500 लीटर शीतल छाछ का वितरण
भीलवाड़ा। (राजकुमार गोयल) पवित्र पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर राधा कृष्ण बस्ती के तत्वावधान में स्थानीय सत्यम कॉम्प्लेक्स चौराहे पर एक सराहनीय सेवा कार्य का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से व्याकुल राहगीरों एवं आमजन के लिए बस्ती की ओर से 500 लीटर शीतल छाछ का निःशुल्क वितरण किया गया। इस पुनीत कार्य का स्थानीय नागरिकों ने स्वागत करते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आयोजन के दौरान चौराहे से गुजरने वाले बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, राहगीरों एवं वाहन चालकों ने ठंडी छाछ पीकर गर्मी से राहत पाई। बस्ती के सदस्यों ने बताया कि पुरुषोत्तम मास आध्यात्मिक साधना, दान-पुण्य एवं परोपकार का विशेष महीना माना जाता है। इसी सेवा भावना से प्रेरित होकर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य जनकल्याण और मानव सेवा रहा।
इस सेवा कार्य को सफल बनाने में वैभव बिंदल, मनोज दाधीच, विनोद गोखरू, गोपाल वैष्णव, अमित काबरा, राजेश व्यास, बलराम तोतला, हर्षित बाबेल, योगेश सोनी, सुशील काबरा, किशन नंदावत, हेमराज आचार्य, सौरभ पांडे एवं हन्नु जी का विशेष सहयोग रहा। सभी सहयोगियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए व्यवस्थाएं संभालीं। इस अवसर पर बस्ती के अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भगवान श्री राधा-कृष्ण के जयघोष के साथ किया गया।


