मोहर्रम की तैयारियों में जुटी मुस्लिम कमेटी, आकर्षक ताज़ियों को दिया जा रहा अंतिम रूप
तखतगढ़ (बरकत खान) कस्बे के नाग चौक स्थित मुस्लिम कमेटी के सदस्य और स्थानीय कारीगर मोहर्रम (इस्लामी कैलेंडर के पहले महीने) की आमद के साथ ही पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ तैयारियों में जुट गए हैं। गौरतलब है कि यह महीना पैगंबर मोहम्मद के नवासे हज़रत इमाम हुसैन और कर्बला के मैदान में शहीद हुए उनके 72 साथियों की याद में शहादत और शोक के रूप में मनाया जाता है।
- दिन-रात जुटे हैं कारीगर
मोहर्रम पर्व को लेकर कस्बे में मुख्य रूप से आकर्षक ताज़ियों के निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। स्थानीय मुस्लिम समुदाय और कुशल कारीगर हज़रत इमाम हुसैन के रौजे (मजार) के प्रतीक स्वरूप बनाए जाने वाले ताज़ियों को अंतिम रूप देने में लगे हैं। बांस, थर्माकोल, रंग-बिरंगे कपड़ों, चमकीले कागज़ और विशेष नक्काशी की मदद से बेहद खूबसूरत व आकर्षक ताज़िए तैयार किए जा रहे हैं।
- कमेटी मेंबर्स संभाल रहे व्यवस्थाएं
तैयारियों को सुचारू रूप से संपन्न कराने और कानून-व्यवस्था के साथ शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम आयोजित करने के लिए मुस्लिम कमेटी के पदाधिकारी लगातार सक्रिय हैं। इस दौरान व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में मेहबूब खां खरादी, रमजान खां रंगरेज, हबीब खां सहित कमेटी के अन्य वरिष्ठ सदस्य और गणमान्य लोग मौजूद रहकर सहयोग कर रहे हैं।


