श्री राजर्षि अभय समाज की नवीन कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
रामगढ़ (अलवर/अमित भारद्वाज)। श्री राजर्षि अभय समाज की नवीन कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह 16 जून 2026 को शाम 4:30 बजे गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह का भव्य शुभारंभ प्रभु श्रीराम की स्तुति के साथ हुआ, जिसमें संस्था के पदाधिकारी, संरक्षक मंडल, कलाकार, स्वयंसेवक और सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
संस्था के प्रचार मंत्री देवराज शर्मा ने श्रमजीवी पत्रकार संघ के तहसील उपाध्यक्ष नागपाल शर्मा माचाड़ी को जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव अधिकारी द्विजेंद्र दीक्षित ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष सहित सभी उपस्थित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस गरिमामयी कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के वरिष्ठ रंगकर्मी एवं संरक्षक प्रकाश चंद शर्मा ने की। शपथ ग्रहण के बाद उपस्थित सदस्यों, संरक्षक मंडल और कलाकारों ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
- समर्पण और टीम भावना से करें कार्य: पंडित धर्मवीर शर्मा
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जयपुर संभाग प्रभारी, पूर्व अध्यक्ष व राजर्षि अभय समाज संस्था के वर्तमान अध्यक्ष पंडित धर्मवीर शर्मा ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी नई ऊर्जा, समर्पण और टीम भावना के साथ समाज व संस्था के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए काम करें। उन्होंने विश्वास जताया कि यह नई कार्यकारिणी संगठन को एक नई ऊंचाई तक ले जाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


