संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में पांचना बांध को लेकर किसानों के साथ वार्ता सम्पन्न
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)19 जून। पांचना बांध से सिंचाई के पानी को लेकर चल रहे गतिरोध के मद्देनजर संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रशासनिक, पुलिस अधिकारियों के साथ कैचमेंट एवं कमांड क्षेत्र के किसान प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विचार विमर्श के उपरांत दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बात रखी तथा बांध के पानी क्षेत्र के सभी किसानों के काम आए इस पर सहमति व्यक्त की। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने अवगत कराया कि राज्य सरकार द्वारा बजट घोषणा में 50 करोड़ की पांचना लिफ्ट सिचाई परियोजना स्वीकृत की है। जिसका कार्य शीघ्र शुरू किया जा रहा है।
कैचमेंट एरिया के किसान प्रतिनिधियों ने कार्य को धरातल पर जल्दी शुरु करवाने की मांग रखी। कमांड एरिया के किसान प्रतिनिधियों ने माननीय न्यायालय के आदेशों की पालना में नहरों में पानी छोड़ने की मांग रखी।
दोनों पक्षों के किसानों ने बैठक में यह आशवस्त किया कि एक दूसरे के खिलाफ नकारात्मक एवं जातिगत टिप्पणियां नहीं करेंगे तथा दोनों पक्ष निरंतर संवाद बनाए रखकर राज्य सरकार का हरसंभव सहयोग करेंगे। प्रशासन द्वारा दोनो पक्षों को धरना समाप्त करने का अनुरोध किया गया एवं एक साथ सकारात्मक माहौल में वार्ता कर सर्वसहमति बनाने का आह्वान किया गया।
राज्य सरकार का किया आभार व्यक्त
कैचमेंट एरिया एवं कमांड एरिया के किसानों ने पांचना बांध सिंचाई पानी की समस्या के हल के लिए राज्य सरकार द्वारा की गई पहल पर राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह सौहार्दपूर्ण वातावरण में आपसी संवाद बनाए रखने से ही समस्या का हाल होगा। दोनों पक्ष राज्य सरकार के निर्णय पर पूरी तरह सहयोग करेंगे।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
अधिकारियों में पुलिस महानिरीक्षक भरतपुर रेंज कैलाश चन्द्र विश्नोई, जिला कलक्टर करौली अक्षय गोदारा, जिला कलक्टर सवाई माधोपुर कानाराम, जिला पुलिस अधीक्षक करौली लोकेश सोनवाल, सवाई माधोपुर जिला पुलिस अधीक्षक जयेष्ठा मैत्रयी सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में ये किसान प्रतिनिधि रहे उपस्थित
बैठक में कैचमेंट एरिया से करौली विधायक दर्शन सिंह, अशोक सिंह धाभाई, हाकिम सिंह बैंसला, रामस्वरूप एडवोकेट सहित अन्य प्रतिनिधिमंडल के सदस्य उपस्थित रहे। कमांड क्षेत्र के किसानों की ओर से रघुवीर प्रसाद मीणा, महेंद्र सिंह, तेज सिंह सहित किसान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने भाग लिया।


