भरतपुर में 150 मीटर लंबे तिरंगे के साथ सड़कों पर उतरा जनसैलाब: देशभक्ति के नारों से गूंजा लोहागढ़
भरतपुर (कोश्लेंद्र दत्तात्रेय)। स्वतंत्रता दिवस एवं 'हर घर तिरंगा' अभियान की श्रृंखला में शुक्रवार को भरतपुर शहर में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला। जिला कलक्टर कमर चौधरी ने बिजली घर चौराहे से भव्य तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसमें हजारों शहरवासियों, विद्यार्थियों, जवानों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
150 मीटर लंबे तिरंगे को कंधों पर थामे चले कलक्टर व अधिकारी
बिजली घर चौराहे से शुरू होकर मथुरा गेट और चौबुर्जा होते हुए लोहागढ़ किले स्थित शहीद स्मारक तक पहुंची इस यात्रा का मुख्य आकर्षण 150 मीटर लंबा और 6 फीट चौड़ा विशाल तिरंगा रहा। जिला कलक्टर कमर चौधरी एवं एडीएम सिटी राहुल सैनी ने स्वयं इस विशाल तिरंगे को अपने कंधों पर रखकर पूरी यात्रा में सहभागिता निभाई।
देशभक्ति के तरानों से सराबोर हुआ शहर
लगभग 2 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में 'भारत माता की जय', 'जय हिंद' और 'वंदे मातरम' के गगनभेदी जयघोष गूंजते रहे। 'मेरा रंग दे बसंती चोला' और 'चक दे इंडिया' जैसे देशभक्ति गीतों की गूंज के बीच शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया।
शहीद स्मारक पर दी श्रद्धांजलि
यात्रा के समापन के बाद 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' के अवसर पर लोहागढ़ किले के शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। जिला कलक्टर, सीईओ मृदुल सिंह, पूर्व सांसद रामस्वरूप कोली, एडीएम सिटी राहुल सैनी सहित अन्य अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर और 2 मिनट का मौन रखकर विभाजन के पीड़ितों और देश के अमर शहीदों को नमन किया।
"राष्ट्रभक्ति की भावना भरतपुरवासियों के दिलों में गहराई से समाई हुई है। आमजन, बच्चों, जवानों और प्रतिनिधियों का यह अभूतपूर्व उत्साह स्वतंत्र भारत के गौरव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है।"
— कमर चौधरी, जिला कलक्टर, भरतपुर

