भरतपुर में खाली प्लॉट में मिला युवक का शव, एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत; जांच में जुटी पुलिस
भरतपुर (कोश्लेंद्र दत्तात्रेय)
भरतपुर शहर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में कृष्णा नगर स्थित एसबीआई बैंक के सामने एक खाली प्लॉट में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मथुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मथुरा गेट थाने में तैनात एएसआई राकेश मान ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एसबीआई बैंक, कृष्णा नगर के सामने स्थित एक प्लॉट में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मृतक के हाथ पर 'शंकर' नाम लिखा हुआ मिला। इसके बाद उसकी पहचान शंकर पुत्र बच्चू सिंह, निवासी हरिजन बस्ती, बिजलीघर, थाना मथुरा गेट, भरतपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरबीएम अस्पताल की मॉर्चरी में भिजवा दिया। वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


