सड़क मार्ग पर अतिक्रमण दे रहा दुर्घटनाओं को निमंत्रण,चौड़ी की गई सड़क फिर हुई संकड़ी, जिम्मेदार प्रशासन के अधिकारी मौन
राजगढ़ (अलवर/अनिल गुप्ता) | कस्बे के सबसे व्यस्ततम सड़क मार्गों में शुमार नेहरू सर्किल से रेलवे स्टेशन मार्ग पर इन दिनों अतिक्रमणकारियों का बोलबाला है। सड़क के दोनों ओर सरेआम किए गए इस अतिक्रमण के कारण जहां आए दिन छोटी-बड़ी सड़क दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं, वहीं दूसरी ओर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित होने से राहगीरों को रोजाना भीषण जाम से जूझना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या के बाद भी जिम्मेदार विभाग के अधिकारी पूरी तरह आंखें मूंदे बैठे हैं और किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं।
बुलडोजर कार्रवाई के बाद भी जस की तस स्थिति, फिर सजी दुकानें
गौरतलब है कि गत दिनों प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए आदेशानुसार इस मुख्य सड़क मार्ग को निर्धारित चौड़ाई देने के लिए दोनों ओर जेसीबी सहित अन्य मशीनों की मदद से पक्के निर्माणों और मकानों के अवैध हिस्सों को ध्वस्त कर दिया था। भारी मशक्कत के बाद सड़क मार्ग को चौड़ा तो कर दिया गया, लेकिन इसका फायदा आमजन को नहीं मिल पा रहा है।
अतिक्रमणकारियों ने एक बार फिर नेहरू सर्किल से सराय की ओर जाने वाले मुख्य सड़क मार्ग पर दोनों ओर अपना सामान, तख्त और बेंच आदि रखकर अवैध कब्जा जमा लिया है, जिससे करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी सड़क फिर से संकड़ी हो गई है।
सामाजिक संगठनों ने की त्वरित कार्रवाई की मांग
प्रशासन की इस ढिलाई को लेकर स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों में भारी आक्रोश है।
-
प्रशासन को चेतावनी: नागरिकों का कहना है कि जब तक इस मार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त नहीं किया जाता, तब तक सड़क चौड़ीकरण का कोई औचित्य नहीं रह जाता।
-
सख्त कार्रवाई की मांग: सामाजिक संगठनों ने नगर पालिका प्रशासन और उपखंड प्रशासन से मांग की है कि इस व्यस्त मार्ग का दोबारा सर्वे करवाकर सड़क पर सामान रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और सामान जब्त कर मार्ग को हमेशा के लिए बहाल किया जाए।


