भरतपुर: तय कीमत से अधिक पर खाद बेचने या उपलब्धता छिपाने पर होगी कड़ी कार्रवाई, कृषि विभाग ने खंगाले खाद-बीज भंडार
भरतपुर / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय
आगामी बुवाई सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों को सुगमता से गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित दरों पर उर्वरक (खाद) उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला कलक्टर कमर चौधरी के निर्देशानुसार कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने सेवर ब्लॉक में उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों और गोदामों का सघन एवं औचक निरीक्षण किया।
कई खाद-बीज भंडारों की हुई जाँच
सहायक निदेशक कृषि विस्तार चरन सिंह ने बताया कि विशेष अभियान के तहत कृषि विभाग के अधिकारियों की टीम ने क्षेत्र के प्रमुख प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान—
-
मैसर्स कल्याण खाद बीज भंडार, चिकसाना
-
मैसर्स कृष्णा फर्टिलाइजर्स, समसपुर
-
मैसर्स कटारा फर्टिलाइजर, समसपुर
-
मैसर्स बजरंग खाद बीज भंडार, ऊंचा नगला
-
मैसर्स सोलंकी खाद बीज भंडार, बरसो
की दुकानों और गोदामों की बारीकी से जाँच की गई। निरीक्षण के दौरान उर्वरक की उपलब्धता, भंडारण और विक्रय व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं का जायजा लिया गया।
अनियमितता मिलने पर चेतावनी और नोटिस
सहायक निदेशक ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान जहाँ भी अनियमितताएं पाई गईं, संबंधित विक्रेताओं को सख्त चेतावनी देते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन ने दो टूक कहा है कि किसानों को निर्धारित दर से अधिक कीमत पर उर्वरक बेचने, स्टॉक होने के बावजूद खाद देने से मना करने या अन्य किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस औचक निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार देवेंद्र सिंह, कृषि अधिकारी मनोज कुमार एवं महेश कुमार प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
किसानों के लिए कृषि विभाग की अपील
कृषि विभाग ने अन्नदाताओं से अपील की है कि वे उर्वरक खरीदते समय पॉस मशीन (POS Machine) से ही पक्की पर्ची प्राप्त करें तथा केवल निर्धारित मूल्य का ही भुगतान करें। यदि कोई विक्रेता तय मूल्य से अधिक राशि मांगता है या खाद देने से इनकार करता है, तो किसान तत्काल ब्लॉक या जिला स्तर के कृषि कार्यालय में अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

