वृंदावन में साधु-संतों ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर डॉक्टरों को किया सम्मानित; सीएमएस डॉ वंदना अग्रवाल ने जताया आभार
वृंदावन (विष्णु मित्तल) राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (नेशनल डॉक्टर्स डे) के पावन अवसर पर धर्मनगरी वृंदावन के सौ सैया संयुक्त चिकित्सालय में एक भव्य और गरिमामयी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में हरिदासीय पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी राधा प्रसाद देव जू महाराज के पावन सानिध्य में क्षेत्र के प्रमुख साधु-संतों और प्रबुद्ध जनों ने अस्पताल में सेवारत चिकित्सकों का शॉल व दुपट्टा ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर भावभीना सम्मान किया। संतों ने मानव सेवा में दिन-रात जुटे रहने वाले डॉक्टरों को 'धरती का भगवान' बताते हुए समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
समारोह को संबोधित करते हुए महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज ने कहा कि चिकित्सक का पेशा केवल एक आजीविका नहीं, बल्कि मानव कल्याण का सबसे बड़ा माध्यम है। जब कोई व्यक्ति बीमारी से टूट जाता है, तब चिकित्सक अपनी कुशलता और आत्मीयता से उसे नया जीवन प्रदान करते हैं। संकट के समय मरीजों की जान बचाकर डॉक्टर समाज में साक्षात नारायण के रूप में कार्य करते हैं।
इस अवसर पर समाजसेवी प्रमोद गौतम और भागवत प्रवक्ता अनमोल शास्त्री महाराज ने भी अपने विचार प्रकट किए। उन्होंने कहा कि वृंदावन जैसे धार्मिक और पर्यटन क्षेत्र में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य है। सौ सैया अस्पताल के डॉक्टर पूरी निष्ठा के साथ इस दायित्व का निर्वाह कर रहे हैं, जो अत्यंत सराहनीय है। धार्मिक नगरी में संतों द्वारा डॉक्टरों का यह सम्मान चिकित्सा जगत के प्रति समाज के गहरे आदर को दर्शाता है।
कार्यक्रम के समापन पर महंत रामदास महाराज ने उपस्थित सभी चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और स्वास्थ्य कर्मियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने अपने विचार रखते हुए कहा कि कोरोना काल से लेकर सामान्य दिनों तक डॉक्टरों ने हमेशा अपनी जान की परवाह किए बिना समाज की रक्षा की है। संत समाज इनके इस सेवा भाव को नमन करता है और इनके उज्जवल भविष्य व दीर्घायु की कामना करता है।
साधु-संतों से मिले इस अभूतपूर्व सम्मान से अभिभूत होकर सौ सैया संयुक्त चिकित्सालय की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉक्टर वंदना अग्रवाल ने सभी संतों और अतिथियों का तहे दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पूज्य संतों के आशीर्वाद और सराहना से पूरी डॉक्टर टीम का मनोबल और अधिक बढ़ गया है। यह सम्मान हमें मरीजों की सेवा और अधिक समर्पण व तत्परता से करने की प्रेरणा देगा। अस्पताल प्रशासन भविष्य में भी आमजन को उच्च स्तरीय और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेगा। इस अवसर पर अस्पताल के डॉक्टर विनय गुप्ता, डॉ. करीम अख्तर कुरैशी, डॉ. सचिन गुप्ता, डॉ. विनीत यादव, डॉ. नंदिता, डॉ. निशा, ईशा यादव, प्रियंका, सुरभि, अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।


