जल जीवन मिशन : पाइपलाइन बिछाने के बाद खोदी गईं सड़कें जस की तस
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) जल जीवन मिशन के तहत पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क जस की तस है। कहीं सड़क पर पानी जमा है तो कहीं कीचड़ से गुजरना पड़ रहा है। कहीं गहरे गड्ढे बने हुए हैं ।सड़क टूटी होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। नगर पालिका के वार्ड नंबर 19 में सेढ माता मंदिर, जैन मंदिर ,चमत्कारिक हनुमान शंकर भोले मंदिर ,स्थित है। तीन मंदिर होने से धार्मिक लोगों का आना-जाना अधिकांश बना रहता है।
सड़क टूटी होने से बच्चे गिरकर घायल हो जाते हैं। साइकिल व बाइक सवार अक्सर हादसे का शिकार होते हैं। लोगों का कहना है कि खराब सड़कों के बारे में सार्वजनिक निर्माण विभाग के जिम्मेदारों तक सूचनाएं पहुंचाई गईं। वार्ड वासियों द्वारा सड़क का मौका मुआवना करा दिया गया है। लेकिन टूटी सड़क का निदान नहीं हो रहा है। इस सड़क को खुदे एक सप्ताह का समय हो गया है। जबकि इसके बाद खोदी गई सड़कों पर निर्माण कार्य शुरू करवा दिया गया है। इस सड़क मार्ग पर स्कूली बच्चों धार्मिक लोगों एवं दुपहिया वाहन चालकों का अधिकांश आवागमन बना रहता है। कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घटित होने का पूर्ण अंदेशा बना हुआ है।
जबकि राज्य सरकार द्वारा जल जीवन मिशन के तहत खोदी गईं सड़कों व गड्ढों को तत्काल भरने का सख्त निर्देश दिया हुआ है।


