डीग रेलवे स्टेशन पर शुरू हुई रिजर्वेशन सुविधा, लोगो में खुशी की लहर; अब नहीं जाना पड़ेगा गोवर्धन-अलवर
डीग (नीरज जैन) डीग रेलवे स्टेशन पर सोमवार से यात्रियों के लिए रिजर्वेशन की सुविधा शुरू हो गई। स्टेशन पर आरक्षण काउंटर का विधिवत शुभारंभ उप स्टेशन प्रबंधक राजेश खटाना द्वारा किया गया।
स्टेशन उप प्रबंधक खटाना ने बताया कि डीग रेलवे स्टेशन पर यात्री सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक अपना रिजर्वेशन करा सकेंगे। जबकि तत्काल एसी आरक्षण के लिए यह सुविधा सुबह 10 बजे और तत्काल स्लीपर आरक्षण के लिए सुबह 11 बजे से उपलब्ध रहेगी।
डीग रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों के लिए आरक्षण की सुविधा शुरू होने की लंबे समय से की जा रही मांग पूरी होने पर डीग जिलावासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष गिरीश शर्मा के नेतृत्व में मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।
गौरतलब है कि डीग रेलवे स्टेशन पर आरक्षण काउंटर खुलवाने की मांग को लेकर गत सप्ताह भाजयुमो के पूर्व जिला उपाध्यक्ष शर्मा ने उत्तर मध्य रेलवे, आगरा के डीआरएम के नाम अपने खून से पत्र लिखकर स्टेशन प्रबंधक को सौंपा था।
रिजर्वेशन काउंटर शुरू होने के बाद अब डीगवासियों को रेलवे आरक्षण कराने के लिए गोवर्धन और अलवर नहीं जाना पड़ेगा। रिजर्वेशन की सुविधा शुरू होते ही सोमवार को 7 यात्रियों ने रिजर्वेशन कराकर यात्रा का लाभ उठाया।


