संगम विश्वविद्यालय के दिल्ली एनसीआर चैप्टर का शुभारंभ, पूर्व छात्र मिलन समारोह आयोजित
भीलवाड़ा / नई दिल्ली (राजकुमार गोयल) संगम विश्वविद्यालय, भीलवाड़ा के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (AIU), नई दिल्ली में 'दिल्ली एनसीआर चैप्टर' के अंतर्गत एक भव्य पूर्व छात्र मिलन (Alumni Meet) समारोह का आयोजन किया गया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर दिल्ली एनसीआर चैप्टर का विधिवत शुभारंभ भी किया गया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए डिप्टी डायरेक्टर (ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट एंड एलुमनाई रिलेशन्स) डॉ. अनुराग शर्मा ने बताया कि समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व छात्रों और विशिष्ट अतिथियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत सभी अतिथियों और पूर्व छात्रों के आत्मीय स्वागत के साथ हुई, जिसने पूरे आयोजन में एक सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण माहौल निर्मित कर दिया।
- एलुमनाई नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम
विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. करुणेश सक्सेना ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह आयोजन न केवल पूर्व छात्रों के साथ पुनः जुड़ने का एक सशक्त माध्यम बना है, बल्कि विश्वविद्यालय और उसके एलुमनाई नेटवर्क के बीच संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ करने की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध हुआ है।
इस अवसर पर यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. आलोक कुमार ने एलुमनाई एसोसिएशन और उसके सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह एसोसिएशन भविष्य में भी वर्तमान विद्यार्थियों के हितों और उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर उत्कृष्ट कार्य करती रहेगी। समारोह में विश्वविद्यालय के प्रो. लोकेश त्रिपाठी एवं अतुल पराशर की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
- देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में कार्यरत हैं पूर्व छात्र
इस मिलन समारोह में संगम विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों की एक व्यापक और उल्लेखनीय उपस्थिति देखने को मिली। वर्तमान में यहाँ के पढ़े छात्र देश-विदेश के कई प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे— एडोबी सिस्टम्स (Adobe), डेलॉइट (Deloitte), पीडब्ल्यूसी (PwC), जेनपैक्ट (Genpact), कैपजेमिनी (Capgemini), नागारो (Nagarro), सिएना कम्युनिकेशंस, रिलायंस जनरल इंश्योरेंस, न्यूज18 और आरएमएसआई (RMSI) में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं, जो विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता को दर्शाता है।
- विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन, भविष्य की योजनाओं पर बनी सहमति
कार्यक्रम में विभिन्न प्रतिष्ठित शिक्षाविदों एवं उद्योग विशेषज्ञों ने भी अपने विचार साझा किए। प्रो. पामेला सिंगला (दिल्ली विश्वविद्यालय), प्रो. जी. एस. टोटेजा (पूर्व आईसीएमआर एवं निदेशक, इंटरसिव हेल्थकेयर), डॉ. अविनाश चौधरी (नेशनल आईएससी) एवं डॉ. अजय सिंघल (सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, जी आर इंफ्राप्रोजेक्ट्स लिमिटेड) ने पूर्व छात्रों को करियर उन्नति, उद्योग की अपेक्षाओं और शिक्षा के व्यावहारिक उपयोग पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
इसके बाद आयोजित एक इंटरएक्टिव चर्चा सत्र में पूर्व छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए और उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम (Syllabus) और प्रशिक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
इस आयोजन के दौरान कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी, जिसमें पूर्व छात्र सहभागिता को सशक्त बनाने, वर्तमान विद्यार्थियों के लिए मेंटरशिप प्लेटफॉर्म विकसित करने, उद्योग व शिक्षा के मध्य समन्वय मजबूत करने और क्षेत्रीय आधार पर एलुमनाई क्लस्टर विकसित करना शामिल है। पूर्व छात्रों ने यूनिवर्सिटी की आगामी गतिविधियों जैसे गेस्ट लेक्चर, इंटर्नशिप और प्लेसमेंट ड्राइव में भी सक्रिय भागीदारी की इच्छा जताई। कार्यक्रम के समापन पर सभी में अपने संस्थान के प्रति गर्व और अपनत्व का भाव दिखाई दिया।


