जयपुर में दर्दनाक हादसा: ओवर स्पीड कार ने दो महिला टीचरों को मारी टक्कर , एक की मौत और दूसरी घायल
जयपुर में आमेर के ढड गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में ओवर स्पीड कार ने दो महिला टीचरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में एक महिला टीचर की मौत हो गई, जबकि दूसरी घायल हो गई। स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों टीचर पैदल ही अपने घर जाने के लिए निकली थीं।
यह था पूरा घटनाक्रम
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम करीब 4 बजे आमेर के ढड गांव में 200 फीट रोड स्थित एक प्राइवेट स्कूल की छुट्टी हुई थी। स्कूल से निकलने के बाद कुछ ही दूरी पर पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार (ओवर स्पीड) कार ने दोनों महिला टीचरों को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद आरोपी ड्राइवर अपनी कार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर आमेर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए निम्स हॉस्पिटल पहुंचाया।
ममता की मौत, अंजलि को मिली छुट्टी
हेड कांस्टेबल अमन सिंह ने बताया कि हादसे में ममता (46) पत्नी योगेश माहेश्वरी निवासी मानबाग, जयसिंहपुरा की मौत हो गई। वहीं, दूसरी घायल टीचर अंजलि राजोरिया (निवासी मानबाग, जयसिंहपुरा) को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
जांच में सामने आया कि मृतका ममता पिछले करीब 10 सालों से इसी स्कूल में शिक्षण कार्य करवा रही थीं, जबकि घायल अंजलि राजोरिया ने महज दो दिन पहले ही इस स्कूल को जॉइन किया था। आमेर थाना पुलिस ने गुरुवार दोपहर को मृतका का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश तेज कर दी है।

