भरतपुर में औद्योगिक विकास को लगेंगे पंख: TTZ नियमों में ढील से गैर-प्रदूषणकारी उद्योगों का रास्ता साफ
भरतपुर, 8 अगस्त। ताज ट्रेपेजियम जोन (TTZ) में उद्योगों की स्थापना और विस्तार को लेकर सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेशों के बाद भरतपुर के उद्योग जगत के लिए राहत की बड़ी खबर आई है। उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के बाद क्षेत्र में गैर-प्रदूषणकारी (Non-Polluting) उद्योगों को प्रदूषण एनओसी और TTZ अथॉरिटी की अनुमति मिलने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
इसी विषय को लेकर लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने आगरा में उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश गर्ग और TTZ अथॉरिटी के सदस्य उमेश शर्मा से एक महत्वपूर्ण बैठक की।
- 410 लंबित आवेदनों की होगी जांच
बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि सुप्रीम कोर्ट ने TTZ अथॉरिटी को लगभग 410 लंबित औद्योगिक आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करने की अनुमति दी है।
इन आवेदनों का परीक्षण NEERI, TTZ Authority और Central Empowered Committee (CEC) के विशेषज्ञों की टीम करेगी।
मानकों पर खरे उतरने वाले गैर-प्रदूषणकारी उद्योगों को जल्द ही संचालन और विस्तार की स्वीकृति दी जाएगी।
- प्रदूषणकारी उद्योगों पर सख्ती बरकरार:
बैठक में स्पष्ट किया गया कि अत्यधिक प्रदूषण फैलाने वाले या खतरनाक (Hazardous) उद्योगों को कोई राहत नहीं दी गई है। सुप्रीम कोर्ट का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हुए स्वच्छ एवं रोजगारपरक उद्योगों को बढ़ावा देना है।
- भरतपुर जिला प्रशासन की सक्रियता की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने चिंता जताते हुए कहा कि TTZ की बैठकों की सूचना मिलने के बावजूद भरतपुर जिला प्रशासन, जिला उद्योग केंद्र और स्थानीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि कई बार अनुपस्थित रहते हैं। प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि भरतपुर का पक्ष मजबूती से रखने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की बैठकों में नियमित व सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
- नए निवेश और रोजगार की जागी उम्मीद
लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों ने कहा कि इस फैसले से भरतपुर में लंबे समय से बनी अनिश्चितता खत्म होगी। इससे एमएसएमई (MSME) क्षेत्र में नया निवेश आएगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। बैठक में लघु उद्योग भारती के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य संजय चौधरी, बयाना इकाई अध्यक्ष नितिन सिंघल, भरतपुर इकाई उपाध्यक्ष मोहन बंसल एवं सचिव राहुल बंसल मौजूद रहे।

