महाराजा अग्रसेन के जीवन पर बनेगी भव्य फिल्म, मुकेश खन्ना निभाएंगे मुख्य भूमिका; शेखावाटी के चूरू, झुंझुनूं में भी होगी शूटिंग
उदयपुरवाटी / बुगाला (सुमेरसिंह राव) अग्रवाल समाज के लिए गौरव और हर्ष का विषय है कि महाराजा अग्रसेन के जीवन, उनके आदर्शों, सामाजिक समरसता और लोककल्याण की भावना पर आधारित एक फिल्म का निर्माण जल्द ही किया जा रहा है। फिल्म में महाभारत सीरियल में भीष्म पितामह की अमर भूमिका निभाने वाले प्रसिद्ध अभिनेता मुकेश खन्ना महाराजा अग्रसेन की मुख्य भूमिका निभाएंगे। फिल्म निर्माण की औपचारिक शुरुआत के अवसर पर मुकेश खन्ना के कार्यालय में उन्हें साइनिंग अमाउंट प्रदान कर फिल्म के लिए अनुबंध की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके साथ ही फिल्म का विधिवत शुभ मुहूर्त भी संपन्न हुआ। इस अवसर को अग्रवाल समाज के लिए ऐतिहासिक पहल बताते हुए समाजबंधुओं ने प्रसन्नता व्यक्त की।
श्याम फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले होगा निर्माण
यह श्याम फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले बनाई जा रही है। फिल्म के निर्देशक सन्नी अग्रवाल हैं। वहीं डॉ. श्याम अग्रवाल और पुरुषोत्तम केजरीवाल फिल्म के प्रोड्यूसर तथा सुमन अग्रवाल सह-निर्माता हैं। फिल्म के माध्यम से महाराजा अग्रसेन के जीवन संघर्ष, उनके सिद्धांतों और समाज के प्रति उनके योगदान को बड़े पर्दे पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाएगा।
जन-जन तक पहुंचेंगे महाराजा अग्रसेन के विचार
फिल्म निर्माताओं का उद्देश्य महाराजा अग्रसेन के जीवन और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी सहित आमजन तक पहुंचाना है। महाराजा अग्रसेन द्वारा दिए गए सामाजिक समानता, सहयोग, परोपकार और लोककल्याण के संदेश को फिल्म के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा। इससे युवाओं को भी महाराजा अग्रसेन के जीवन एवं विचारों से प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।अग्रवाल समाज के लोगों ने फिल्म निर्माण की इस पहल को समाज के गौरव से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसे सफल बनाने में हरसंभव सहयोग देने का आह्वान किया। समाजबंधुओं ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के जीवन और आदर्शों को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है।
फिल्म के निर्माण की शुरुआत के साथ ही अग्रवाल समाज में उत्साह का माहौल है और सभी को इस बहुप्रतीक्षित फिल्म के पर्दे पर आने का इंतजार रहेगा।

