विश्व आदिवासी दिवस पर गोविंदगढ़ में उमड़ा मीणा समाज, जल-जंगल-जमीन के संरक्षण का लिया संकल्प
गोविंदगढ़ (अलवर) विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर गोविंदगढ़ स्थित श्री हनुमान मंदिर, मीणा की बगीची में आदिवासी समाज का भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम दोपहर 1 बजे हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। आदिवासी संगठन के अध्यक्ष प्रभुदयाल मीणा के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में गोविंदगढ़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भारी संख्या में मीणा समाज के प्रबुद्धजन और युवा एकत्रित हुए।
कार्यक्रम के दौरान समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली इतिहास और सामाजिक एकता पर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने बदलते दौर में जल, जंगल और जमीन के संरक्षण को अत्यंत आवश्यक बताते हुए आदिवासी संस्कृति एवं परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
- शिक्षा और सामाजिक जागरूकता पर विशेष बल
सभा को संबोधित करते हुए प्रबुद्ध वक्ताओं ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा और जागरूकता सबसे सशक्त माध्यम हैं। युवाओं को प्रशासनिक, शैक्षणिक और सामाजिक क्षेत्रों में आगे बढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया। साथ ही समाज में आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता और एकता को बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में समाज के कई प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने शिरकत की। जिनमें मुख्य रूप से राजेंद्र (लेक्चरार), मनीष मीणा (पटवारी), मदनलाल मीणा (पूर्व पंच), कैलाश मीणा, बाबूलाल मीणा, बोदन मीणा, चंद्रभान मीणा, विक्रम मीणा, श्याम मीणा, राहुल मीणा, हरभजन मीणा, नन्नू मीणा सहित अनेक समाजबंधु मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को विश्व आदिवासी दिवस की बधाई व शुभकामनाएं दीं और समाज को उन्नति के नए शिखर पर ले जाने का सामूहिक प्रण लिया।

