खेरली में मनाया विश्व आदिवासी दिवस, समाज की एकता और अधिकारों के लिए एकजुटता का लिया संकल्प
खेरली (दिनेश लेखी)। जनजाति मीना विकास समिति खेरली-कठूमर की ओर से रविवार को मीना धर्मशाला खेरली में विश्व आदिवासी दिवस श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकजुटता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के मैनेजर हरिकिशन मीना ने की। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने आदिवासी समाज के गौरव, संस्कृति, परंपराओं और महापुरुषों के योगदान को याद करते हुए समाज की एकता बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा एवं मीन भगवान के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद उपस्थित समाजबंधुओं ने तिलक लगाकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने बिरसा मुंडा के जीवन एवं उनके संघर्ष को याद करते हुए उनके आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर समिति के मंत्री धर्म सिंह मीना ने भगवान बिरसा मुंडा की जन्मतिथि, उनके जीवन संघर्ष और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए किए गए योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का कार्य किया। उनके विचार और संघर्ष आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
कार्यक्रम में हरिकिशन मीना, डॉ. रामनिवास मीना, विजेंद्र सिंह मीना, कमल सिंह मीना, राकेश मीना, पीडी मीना एवं घनसीराम मीना सहित समाज के अन्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा, संगठन और आपसी भाईचारा बेहद जरूरी है। सभी ने समाज में एकता बनाए रखने तथा आने वाली पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और महापुरुषों के जीवन से जोड़ने पर जोर दिया।
वक्ताओं ने कहा कि समाज की एकजुटता से ही सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक विकास को गति दी जा सकती है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने, समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में सहयोग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में समाज की एकता, भाईचारे और सामाजिक उत्थान को मजबूत करने का संकल्प लिया गया तथा विश्व आदिवासी दिवस की सभी को शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में पीडी मीना, डॉ. रामनिवास मीना चैनपुरा, कमल सिंह मीना लाठकी, प्रेमप्रकाश मीना, कोषाध्यक्ष महावीर मीना, रामस्वरूप मीना, विश्राम मीना, कमलचंद्र मीना, घनश्याम सिंह मीना, श्रीकिशन मीना, मानसिंह मीना, सरपंच गोपाल मीना, विजेंद्र सिंह मीना, राकेश मीना, हरिमन मीना, राम सिंह मीना, चेतराम मीणा, जलसिंह मीना, दिनेश चंद्र मीना, सुरेंद्र मीना, रामेश्वर मीना, हजारी मीना सहित बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने भाग लिया।

