बाबा धाम की यात्रा पर निकले गोरखपुर के युवक की संदिग्ध मौत, पोखरे में मिला शव, परिजनों ने सड़क पर किया हंगामा
गोरखपुर (शशि जायसवाल) शाहपुर क्षेत्र के जंगल तुलसीराम बिछिया निवासी 25 वर्षीय बजरंगी निषाद की झारखंड में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बाबा धाम दर्शन के लिए गए बजरंगी का शव छह अगस्त को झारखंड के कटोरिया थाना क्षेत्र के एक सुनसान स्थान पर स्थित पोखरे से बरामद हुआ। शनिवार को शव गोरखपुर पहुंचने के बाद परिवार और मोहल्ले के लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मोहद्दीपुर ओवरब्रिज के पास सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची शाहपुर पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। बाद में राजघाट पर बजरंगी का अंतिम संस्कार किया गया।
- तीन अगस्त को बाबा धाम के लिए निकला था
परिजनों के अनुसार बजरंगी बिजली और डीजे का काम करता था। उसकी शादी करीब 15 महीने पहले मोहिनी निषाद से हुई थी। मोहिनी इस समय सात माह की गर्भवती है। तीन अगस्त को बजरंगी मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ झारखंड स्थित बाबा धाम दर्शन के लिए रवाना हुआ था। यात्रा के दौरान वह साथियों से अलग हो गया और इसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका।
- मोबाइल से हुई परिवार से संपर्क की कोशिश
कई घंटे तक बजरंगी के बारे में जानकारी नहीं मिलने पर साथी और परिजन परेशान हो गए। इसी बीच छह अगस्त को झारखंड में एक पोखरे से उसका शव बरामद हुआ। तलाशी में उसकी जेब से मोबाइल फोन मिला। इसी मोबाइल के जरिए झारखंड पुलिस ने बजरंगी के परिवार से संपर्क कर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही परिवार के लोग झारखंड पहुंचे। वहां आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव शनिवार सुबह गोरखपुर लाया गया।
- शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम
बजरंगी का शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पति का शव देखते ही सात माह की गर्भवती मोहिनी बदहवास हो गई। परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल रहा। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोग भी भावुक हो उठे।
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि बजरंगी के घर में जल्द ही बच्चे की किलकारी गूंजने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
- हत्या का आरोप, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
शव पहुंचने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने बजरंगी की मौत को सामान्य घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई। आक्रोशित लोगों ने मोहद्दीपुर ओवरब्रिज के पास सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि बजरंगी की मौत के पीछे जो भी लोग जिम्मेदार हैं, उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए।
जाम की सूचना मिलते ही शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से बातचीत की। पुलिस के समझाने और कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद लोगों ने सड़क से शव हटाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बजरंगी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं, जबकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होने की उम्मीद है।
सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि परिजन की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- गर्भवती पत्नी के सामने उजड़ गया परिवार
बजरंगी की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। सबसे ज्यादा दर्दनाक स्थिति उसकी पत्नी मोहिनी की है, जो सात माह की गर्भवती है। जिस समय परिवार आने वाले बच्चे के स्वागत की तैयारी में होना चाहिए था, उस समय घर में मातम पसरा है। परिजन अब बजरंगी की मौत की सच्चाई सामने आने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

