विश्व आदिवासी दिवस समारोह में जा रही पिकअप NH-62 पर पलटी: 15 वर्षीय किशोर समेत दो की मौत, 14 घायल
बावड़ी (जोधपुर) मिश्रीलाल लखारा। राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर बावड़ी एचपी गैस सर्विस के पास रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर जोधपुर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में वाहन सवार 14 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें से दो गंभीर घायलों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतकों की हुई पहचान
दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान रमेश (30) पुत्र खीयाराम निवासी तांबड़िया (भोपालगढ़) और सुरेश (15) पुत्र गजाराम निवासी सोपड़ा के रूप में हुई है। दोनों को हादसे के तुरंत बाद गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
समारोह में शामिल होने जा रहे थे ग्रामीण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोपालगढ़ क्षेत्र से आदिवासी समाज के लोग वाहनों की रैली के रूप में जोधपुर के रावण का चबूतरा (12वीं रोड) पर आयोजित विश्व आदिवासी दिवस कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे। इसी दौरान बावड़ी के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और पिकअप बीच सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने त्वरित मदद कर घायलों को निकाला
दुर्घटना होते ही आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकाला और निजी वाहनों व एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी बावड़ी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए जोधपुर के उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया।
एसपी सहित पुलिस अधिकारियों ने लिया जायजा
हादसे की सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक पंकज यादव बावड़ी पहुंचे। उन्होंने पुलिस चौकी और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरी स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान भोपालगढ़ सीओ भंवरलाल तथा खेड़ापा थानाधिकारी लखाराम जाखड़ भी मौजूद रहे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हाईवे से हटवाकर बाधित यातायात को सुचारू करवाया। प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है।

