विप्र फाउंडेशन की बैठक में बड़ा फैसला: 29 नवंबर को प्रतिभा सम्मान व कैरियर काउंसलिंग, 16 को सजेगा तीज महोत्सव
अलवर (अमित भारद्वाज)। मालवीय नगर स्थित अतिथि इन होटल में विप्र फाउंडेशन अलवर की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, सामाजिक सरोकारों एवं विभिन्न आयोजनों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 29 नवम्बर को चतुर्थ विप्र प्रतिभा सम्मान समारोह व कैरियर काउंसलिंग शिविर और 16 नवम्बर को महिला प्रकोष्ठ द्वारा भव्य तीज महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
प्रतिभाओं को सम्मान और युवाओं को कैरियर मार्गदर्शन
विप्र फाउंडेशन के अध्यक्ष पीयूष शर्मा जाडला ने बताया कि समाज की प्रतिभाओं को तराशना और युवाओं को सही दिशा देना संगठन का मुख्य उद्देश्य है। 29 नवम्बर को आयोजित होने वाले समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 85 प्रतिशत या उससे अधिक, तथा स्नातक व स्नातकोत्तर में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, 21 सितम्बर 2025 के बाद सरकारी सेवा में चयनित विप्र बंधुओं एवं विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं का भी बहुमान होगा। वहीं, कैरियर काउंसलिंग शिविर में विशेषज्ञों द्वारा युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं और भविष्य के कैरियर विकल्पों का मार्गदर्शन मिलेगा।
16 नवम्बर को आयोजित होगा भव्य तीज महोत्सव
महिला प्रकोष्ठ की संगठन महामंत्री डॉ. पूनम शर्मा ने बताया कि 16 नवम्बर को सायं 4 बजे वेलकम रिसोर्ट में महिला प्रकोष्ठ द्वारा तीज महोत्सव का गरिमापूर्ण आयोजन किया जाएगा। इसमें महिलाओं की व्यापक सहभागिता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
रक्तवीरों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
महामंत्री मनोज बेड़ा ने आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी, जबकि कोषाध्यक्ष राहुल घाट ने गोवर्धन में आयोजित शिविर के आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया। बैठक के दौरान श्री जगन्नाथ जी महाराज के मेले में आयोजित रक्तदान शिविर को सफल बनाने वाले 'रक्तवीरों' को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बैठक में सुरेंद्र शर्मा, वीरेंद्र त्यागी, रविंदत्त वकील, प्रकाश अड़ीचवाल, अरविंद अवस्थी, रेनू मिश्रा, देशबंधु शर्मा, विकास तिवाड़ी, हरिओम शर्मा, कृष्णकांत शर्मा, कृष्णकुमार शर्मा, रैणु वत्स, पुष्पराज शर्मा सहित कई ब्लॉक अध्यक्ष एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

