नगर पालिका चुनाव में भाकपा का बड़ा दांव: बोली— ‘पार्षद काम न करें तो तुरंत दिलाएंगे इस्तीफा’
राजगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) राजगढ़ शाखा की ओर से चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत पंचायत समिति के पास एक नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। सभा में पार्टी पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों पर जमकर निशाना साधा और आगामी नगर पालिका चुनाव में स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
स्थानीय समस्याओं और जनविरोधी नीतियों पर घेरा
सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के सचिव कामरेड मनोज कुमार बोहरा (एडवोकेट) ने भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पेपर लीक और बढ़ती महंगाई जैसे ज्वलंत मुद्दों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने राजगढ़ के साथ हो रहे पक्षपात का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्रीय विद्यालय, कृषि महाविद्यालय एवं अन्य प्रमुख संस्थानों को राजगढ़ से दूसरी तहसीलों में स्थानांतरित कर दिया गया, जिसके खिलाफ 'राजगढ़ आवाज मंच' द्वारा जन-आंदोलन भी चलाया गया था।
काम न करने पर पार्षद देंगे इस्तीफा: कामरेड बोहरा
आगामी नगर पालिका चुनावों को लेकर कामरेड बोहरा ने आमजन से जात-पात की राजनीति और प्रत्याशियों के प्रलोभनों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा, "आपने कांग्रेस और भाजपा दोनों का शासन देखा है, इस बार भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवारों को नगर पालिका में भेजकर देखें। यदि हमारी पार्टी के पार्षद आमजन का काम नहीं करेंगे, तो वे जनता के कहने पर तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।"
गरीब, मजदूर और किसानों की आवाज है भाकपा
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी हमेशा से गरीब, मजदूर, किसान और आमजन के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रही है। इस अवसर पर कामरेड मोहनलाल शर्मा, सुभाष चंद्र, नागपाल, श्याम सुंदर, गीतेश्वर, रमेश, सुनील दत्त, दिनेश सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

