अलवर में नाकेबंदी के दौरान पकड़ा गया अंतरराज्यीय तस्कर, स्कॉर्पियो से मिली अवैध स्मैक व हथियार
बगड़ तिराया पुलिस की बड़ी सफलता: 94 ग्राम अवैध स्मैक, देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ हरियाणा का तस्कर गिरफ्तार
स्कॉर्पियो से यात्रा कर रहा था आरोपी, पुलिस खंगाल रही नेटवर्क के तार
अलवर (विशेष संवाददाता)
अलवर जिले के रामगढ़ उपखंड क्षेत्र की बगड़ तिराहा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 94.12 ग्राम अवैध स्मैक, एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
नाकेबंदी के दौरान चढ़े हत्थे
बगड़ तिराहा पुलिस के अनुसार, पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में सघन नाकेबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी को रुकवाकर तलाशी ली गई। गाड़ी में सवार युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से भारी मात्रा में स्मैक और अवैध हथियार बरामद हुए।
चालक को नहीं थी हथियार और स्मैक की जानकारी
पुलिस पूछताछ में स्कॉर्पियो चालक ने बताया कि उसे गाड़ी में बैठे युवक के पास मौजूद मादक पदार्थ और हथियार की कोई जानकारी नहीं थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सैफ अली खां (22 वर्ष) पुत्र मोहम्मद अली खां, निवासी नगीना (जिला नूंह, हरियाणा) के रूप में हुई है।
एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी सैफ अली के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और आर्म्स (Arms) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि स्मैक की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था, साथ ही इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

