'पुलिस और आमजन के बेहतर समन्वय से रुकेगा अपराध': डीएसपी जोगेंद्र सिंह राजावत ने सीएलजी सदस्यों से की अपील
कठूमर/अलवर (दिनेश लेखी)
कठूमर थाना परिसर में रविवार को पुलिस उपाधीक्षक जोगेंद्र सिंह राजावत के नेतृत्व में सामुदायिक लियाजन समूह (सीएलजी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम करने और आमजन की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
पुलिस और जनता के बीच समन्वय पर जोर
थानाधिकारी चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि बैठक के दौरान सीएलजी सदस्यों से उनके क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति और समस्याओं की जानकारी ली गई। बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस उपाधीक्षक जोगेंद्र सिंह राजावत ने सीएलजी सदस्यों से पुलिस और आमजन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने में आमजन की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।
संदिग्ध गतिविधियों की दें सूचना, अफवाहों से बचें
डीएसपी राजावत ने सीएलजी सदस्यों से अपील की कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। इसके साथ ही उन्होंने आमजन से किसी भी तरह की भ्रामक खबरों और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान न देने की बात कही।
यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर हुई चर्चा
बैठक में कस्बे की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने, असामाजिक तत्वों व मनचलों पर पैनी निगरानी रखने, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा क्षेत्र में आपसी भाईचारा व सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर गहन मंथन हुआ। सदस्यों ने भी पुलिस अधिकारियों के समक्ष यातायात सुधार व गश्त बढ़ाने से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
बैठक में थाना पुलिस के जवानों सहित सीएलजी सदस्य एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

