हाथों में तिरंगा, होठों पर देशभक्ति के नारे:राजगढ़ में पीएम श्री स्कूल के बच्चों ने तिरंगा यात्रा से दिया पर्यावरण व देशभक्ति का संदेश
राजगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता। पंचायत समिति क्षेत्र के ग्राम स्थित 'पीएम श्री' राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा सोमवार को एक भव्य एवं विशाल तिरंगा रैली निकाली गई। इस रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन को राष्ट्रभक्ति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
सोमवार सुबह विद्यालय प्रांगण से शुरू हुई यह अनुशासित रैली कस्बे के मुख्य मार्ग, बस स्टैंड, पंचायत चौक और मुख्य बाजार से होकर गुजरी। हाथों में तिरंगा थामे छात्र-छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। रैली के दौरान पूरा कस्बा 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के देशभक्ति नारों से गूंज उठा।
रैली का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों में देश के प्रति समर्पण की भावना के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूकता बढ़ाना था। इस दौरान ग्रामीणों में भी भारी उत्साह देखा गया; मुख्य बाजार व चौराहों पर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर नन्हे देशभक्तों का भव्य स्वागत किया।
विद्यालय प्रशासन और स्थानीय लोगों की उपस्थिति में निकाली गई इस रैली ने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रप्रेम के रंग में सराबोर कर दिया।

