भंवरीदेवी हत्याकांड: मकराना में विश्नोई समाज का आक्रोश, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए SDM को सौंपा ज्ञापन
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। फलोदी जिले के लोहावट में 27 जुलाई को हुई भंवरीदेवी विश्नोई की निर्मम हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से विश्नोई समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। मामले में सख्त कार्रवाई और आरोपियों को जल्द सलाखों के पीछे भेजने की मांग को लेकर मकराना तहसील के विश्नोई समाज ने मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी (SDM) बाबूलाल जाट को ज्ञापन सौंपा।
15 दिन बीते, फिर भी खाली हाथ है पुलिस सौंपे गए ज्ञापन में समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि 27 जुलाई की रात असामाजिक तत्वों ने लोहावट ग्राम में भंवरीदेवी विश्नोई की बेदर्दी से हत्या कर दी थी। घटना के 15 दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी लोहावट थाना पुलिस आज तक मुख्य मुलजिमों को गिरफ्तार करने में नाकाम रही है। समाज का आरोप है कि पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की जांच में भारी लापरवाही बरती जा रही है, जिससे संपूर्ण राजस्थान के विश्नोई समाज में भारी गुस्सा है।
लोहावट में जारी है धरना, मकराना में भी चेतावनी ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि हत्याकांड के विरोध में लोहावट में सर्वसमाज और विश्नोई समाज द्वारा पिछले कई दिनों से लगातार धरना दिया जा रहा है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। मकराना तहसील के विश्नोई समाज ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते हत्यारों को गिरफ्तार कर निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो संपूर्ण राजस्थान का विश्नोई समाज सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करेगा। साथ ही मकराना उपखंड स्तर पर भी अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मौजूद रहे समाज बंधु ज्ञापन सौंपते समय विश्नोई समाज के कई प्रमुख प्रतिनिधि व ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व सरपंच मोहनराम विश्नोई, सरपंच जसाराम विश्नोई, बाबूलाल विश्नोई, महीराम विश्नोई, राजाराम विश्नोई, भेरु राम विश्नोई, दिनेशकुमार विश्नोई, जगदीश विश्नोई, भंवरलाल विश्नोई, रामस्वरूप विश्नोई और सुभाष विश्नोई सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

