टीटीई की तत्परता और डॉक्टर के अथक प्रयास भी नहीं आ सके काम, मथुरा-वृंदावन से लौट रहे यात्री की हृदय गति रुकने से मौत

Aug 11, 2026 - 18:17
 0
टीटीई की तत्परता और डॉक्टर के अथक प्रयास भी नहीं आ सके काम, मथुरा-वृंदावन से लौट रहे यात्री की हृदय गति रुकने से मौत

वृंदावन से लौट रहे यात्री की ट्रेन में अचानक बिगड़ी तबीयत, मकराना अस्पताल लाने पर डॉक्टर ने घोषित किया मृत

मकराना (मोहम्मद शहजाद)। गाड़ी संख्या 20490 (मथुरा-बाड़मेर एक्सप्रेस) में सफर कर रहे एक 60 वर्षीय यात्री की मंगलवार को अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने और हृदय गति रुक जाने से दुखद मौत हो गई। मृतक की पहचान बालोतरा निवासी गोपाल सिंह राजपुरोहित (60) पुत्र दुर्ग सिंह राजपुरोहित के रूप में हुई है, जो धार्मिक यात्रा के बाद वृंदावन से अपने घर बालोतरा लौट रहे थे।

नावा-कुचामन के बीच बिगड़ी हालत जानकारी के अनुसार, गोपाल सिंह ट्रेन के कोच एस-3 में यात्रा कर रहे थे। नावा और कुचामन स्टेशन के बीच अचानक उन्हें तेज उल्टी हुई और उनका स्वास्थ्य बिगड़ने लगा। यात्री की नाजुक हालत देखकर कोच में तैनात टीटीई भारत सिंह शेखावत ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और मामले की जानकारी मकराना रेलवे स्टेशन मास्टर को दी।

टीटीई की तत्परता, मकराना में उतारा गया ट्रेन के मकराना स्टेशन पहुंचते ही स्टेशन मास्टर ने प्वाइंट्समैन की मदद से अचेत अवस्था में यात्री को ट्रेन से नीचे उतारा और तत्काल एम्बुलेंस के जरिए राजकीय चिकित्सालय मकराना भिजवाया।

डॉक्टरों ने की सीपीआर देने की कोशिश अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. बजरंग सैनी ने मरीज की स्थिति गंभीर देखते हुए तुरंत सीपीआर (CPR) दिया और उन्हें बचाने के लिए अथक चिकित्सकीय प्रयास किए। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद यात्री को बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक हृदय गति रुकने (हार्ट अटैक) के कारण यात्री की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................