हर घर तिरंगा अभियान: जिला उद्योग केंद्र में दो दिवसीय तिरंगा प्रदर्शनी और जागरूकता शिविर का शुभारंभ; स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा
भरतपुर, कोश्लेंद्र दत्तात्रेय 11 अगस्त। 'हर घर तिरंगा' अभियान 2026 के अंतर्गत मंगलवार को जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र परिसर में दो दिवसीय तिरंगा प्रदर्शनी एवं जागरूकता शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन एडीएम (प्रशासन) राजीव शर्मा एवं एडीएम (सिटी) राहुल सैनी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
हस्तशिल्प और खादी उत्पादों का लिया जायजा उद्घाटन के बाद एडीएम प्रशासन राजीव शर्मा ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने चरखा संचालन की प्रक्रिया देखी तथा हाथ से निर्मित राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगे) एवं खादी उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय हस्तशिल्प कलाकारों और कारीगरों से सीधे बातचीत कर उनके रोजगार, बाजार उपलब्धता और काम में आने वाली चुनौतियों पर फीडबैक भी लिया।
स्वदेशी और ग्राम स्वावलंबन को सशक्त बनाने की पहल एडीएम प्रशासन राजीव शर्मा ने कहा:
"हर घर तिरंगा अभियान न केवल राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करता है, बल्कि खादी, हस्तशिल्प और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देकर स्थानीय कारीगरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का माध्यम भी है। महात्मा गांधी के 'ग्राम स्वावलंबन' के सपने को साकार करने के लिए ग्रामीण उत्पादों को बाजार और प्रोत्साहन देना आवश्यक है।"
उन्होंने भरतपुर वासियों से अपील की कि वे इस प्रदर्शनी में आकर स्थानीय हस्तशिल्प व खादी उत्पाद खरीदें और कारीगरों का उत्साहवर्धन करें।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर दोनों एडीएम अधिकारियों ने 'हरियालो राजस्थान' अभियान के तहत परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक सीएम गुप्ता ने बताया कि प्रदर्शनी के साथ आयोजित जागरूकता शिविर में आमजन व युवाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न स्वरोजगार, उद्यम प्रोत्साहन तथा औद्योगिक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
ये अधिकारी रहे उपस्थित कार्यक्रम के दौरान जिला उद्योग एवं वाणिज्य अधिकारी सूर्यकांत पांडे, प्रशासनिक अधिकारी चंद्र प्रकाश सहित विभाग के कई अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय हस्तशिल्पी उपस्थित रहे।

