खैरथल-तिजारा में एटक (AITUC) का शंखनाद: नई कार्यकारिणी ने संभाला मोर्चा, जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर
खैरथल / हीरालाल भूरानी
अलवर जिला राज मिस्त्री-मजदूर यूनियन (एटक) की खैरथल-तिजारा शाखा की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार (12 अगस्त 2026) को हरसौली रोड स्थित भीमराव अंबेडकर भवन में पूरे उत्साह के साथ संपन्न हुआ। समारोह में नई कार्यकारिणी ने विधिवत रूप से अपनी जिम्मेदारियां संभालते हुए श्रमिक हितों और संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने की। इस अहम बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में यूनियन के जिला अधिकारी कामरेड राजकुमार बख्शी, महामंत्री व महासचिव मनमोहन सिंह और अलवर मजदूर यूनियन के जिला अध्यक्ष धीरू भाई विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों को उनके पद और दायित्वों की शपथ दिलाई।
मजदूरों की आवाज बनेगी नई कार्यकारिणी शपथ ग्रहण के पश्चात आयोजित बैठक में राज मिस्त्री और मजदूरों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संगठन का मुख्य उद्देश्य मजदूरों को उनके अधिकार दिलाना और उनका शोषण रोकना है। इसके लिए संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि संगठन की असली ताकत सदस्यों की एकजुटता में निहित है।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति इस अवसर पर नई कार्यकारिणी को भविष्य की चुनौतियों के लिए शुभकामनाएं दी गईं। समारोह में संरक्षक रूपचन्द ठेकेदार, यूनियन सचिव लालचन्द, रामचन्द्र कामरेड, किशन चन्द, जगदीश सैनी, कैलाश चन्द, रामदयाल, गोपी राम, भगवान दास और धारा सिंह सहित भारी संख्या में कार्यकारिणी सदस्य एवं श्रमिक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में मजदूर हितों के लिए निरंतर संघर्षरत रहने की बात दोहराई।

