डांगावास हत्याकांड में न्याय की हुंकार: कांग्रेस SC प्रकोष्ठ ने राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
अलवर | कमलेश जैन
डांगावास हत्याकांड के पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और दोषियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग को लेकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग (SC प्रकोष्ठ) ने मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश अध्यक्ष ममता भूपेश के निर्देशानुसार बुधवार को जिला अध्यक्ष जलाराम जाटव के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग ज्ञापन के जरिए कांग्रेस पदाधिकारियों ने डांगावास हत्याकांड के पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय दिलाने, पूरे मामले में निष्पक्ष एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने तथा घटना के वास्तविक दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाने की जोरदार मांग की।
"यह केवल अपराध नहीं, संविधान और सम्मान की लड़ाई है" ज्ञापन सौंपने के बाद जिला अध्यक्ष जलाराम जाटव और जिला उपाध्यक्ष विकास बोहरा ने संयुक्त बयान में कहा कि यह मामला केवल एक आपराधिक घटना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह न्याय, संविधान और सामाजिक सम्मान की लड़ाई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक पीड़ित परिवारों को पूर्ण न्याय नहीं मिल जाता, तब तक कांग्रेस पार्टी शांत नहीं बैठेगी। पार्टी सड़क से लेकर प्रशासनिक पटल तक इस आवाज को पूरी प्रखरता के साथ उठाती रहेगी।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे मौजूद ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उपाध्यक्ष धर्मवीर वर्मा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा, महासचिव महेन्द्र सिंह मेघवाल, एडवोकेट भरत बौद्ध, रामसहाय वर्मा, अमित, विशाल सहित SC विभाग के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने "जय भीम" और "जय संविधान" के गगनभेदी नारे लगाते हुए न्याय की इस लड़ाई को मुकाम तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

