पीएम श्री राउमावि बोरावड़ में स्वीप टीम की अभिनव पहल: मतदाता शपथ और पोस्टर प्रतियोगिता से दिया जागरूकता का संदेश
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने और शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बोरावड़ में स्वीप (सिस्टमैटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) टीम के तत्वावधान में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उपस्थित समस्त विद्यार्थियों एवं शिक्षक-स्टाफ को निष्पक्ष मतदाता शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने लोकतंत्र की मजबूती, निष्पक्ष मतदान तथा प्रत्येक पात्र नागरिक द्वारा मताधिकार के अनिवार्य प्रयोग का संकल्प दोहराया। जागरूकता अभियान के तहत विद्यार्थियों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी कला और विचारों के माध्यम से आकर्षक पोस्टरों का निर्माण किया। स्वीप टीम ने विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जांचने, नए मतदाता पंजीकरण और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के तकनीकी व व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया। जागरूकता कार्यक्रम में सीबीईओ रामनिवास जांगिड़ एवं एसीबीईओ हुकमाराम लैगा के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में प्रभावी रूप से संचालित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, स्वीप टीम के सदस्य तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे. विद्यार्थियों ने अपने परिवार और आसपास के समाज में भी मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

