तिरंगा हमारी आन-बान और शान का प्रतीक:बृजनगर में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
डीग के बृजनगर में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के नेतृत्व में निकली विशाल तिरंगा यात्रा; 'हर घर तिरंगा' फहराने का दिया संदेश
डीग (नीरज जैन)। 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' के तहत शुक्रवार को डीग जिले के बृजनगर कस्बे में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति से ओतप्रोत एक विशाल एवं भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं, मातृशक्ति, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने हाथों में तिरंगा थामकर बढ़-चढ़कर भाग लिया।
पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत, तिरंगामय हुआ पूरा क्षेत्र
यह भव्य तिरंगा यात्रा बृजनगर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और चौराहों से होकर गुजरी। यात्रा मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारिक मंडलों द्वारा पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रियों का आत्मीय अभिनंदन किया गया। हाथों में लहराते राष्ट्रीय ध्वज के साथ अनुशासित ढंग से कदमताल करते युवाओं और छात्राओं के उत्साह से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
9 अगस्त 1942 के आंदोलन और शहीदों के बलिदान को किया याद
यात्रा के समापन अवसर पर विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि 9 अगस्त 1942 को जब 'अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन' का शंखनाद हुआ था, तो पूरे देश में आजादी की एक अभूतपूर्व क्रांति की लहर दौड़ गई थी। देश के अनगिनत वीर शहीदों की कुर्बानियों और स्वतंत्रता सेनानियों के कड़े संघर्ष के बल पर ही 15 अगस्त 1947 को हमारा देश आजाद हुआ। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भारत की अखंडता, संप्रभुता और आन-बान-शान का सर्वोच्च प्रतीक है।
15 अगस्त को हर घर तिरंगा फहराने का आह्वान
गृह राज्य मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'हर घर तिरंगा अभियान' का जिक्र करते हुए कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के दिल में राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से अपील की कि 15 अगस्त के पावन अवसर पर वे अपने-अपने घरों, दुकानों और संस्थानों पर गरिमा के साथ तिरंगा फहराएं और देश के विकास व नवनिर्माण में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थी एवं भारी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

