धर्मनगरी में रचेगा इतिहास, पहली बार आयोजित होगा जैन पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव': गोविंदगढ़ में 11 से 16 दिसंबर तक भक्ति का महासंगम; आचार्य ज्ञान भूषण जी का मिलेगा सानिध्य
गोविंदगढ़ में पहली बार ऐतिहासिक जैन पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव: 11 से 16 दिसंबर तक उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब
गोविंदगढ़ (अलवर)। धर्मनगरी गोविंदगढ़ के इतिहास में पहली बार 'सकल जैन समाज' के तत्वावधान में भव्य 'पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव' का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 11 दिसंबर से 16 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस 5 दिवसीय धार्मिक महाकुंभ को लेकर जैन समाज द्वारा तैयारियां बड़े स्तर पर की जा रही हैं। आयोजन स्थल के रूप में अयोध्या नगर स्थित हर्ष टी.टी. कॉलेज विधायक फार्म में एक विशाल पांडाल सजाया जा रहा है।
यह पावन प्रतिष्ठा महोत्सव 'मनोज्ञ धाम प्रणेता' 21वीं सदी के वात्सल्य मूर्ति आचार्य श्री 108 ज्ञान भूषण जी मुनिराज रत्नाकर के ससंघ के पावन सानिध्य में संपन्न होगा।
तीर्थंकर परमात्मा के 5 कल्याणकों का होगा मंचन
श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर समिति के अध्यक्ष व मुख्य संयोजक निर्मल कुमार जैन तथा सुनील कुमार जैन ने बताया कि पंचकल्याणक महोत्सव में तीर्थंकर परमात्मा के जीवन के 5 मुख्य पड़ावों— गर्भ, जन्म, तप, ज्ञान और मोक्ष कल्याणक की धार्मिक क्रियाओं को विधि-विधान एवं पूर्ण उल्लास के साथ संपन्न किया जाएगा। इस दौरान सौधर्म इंद्र की आज्ञा से देवों द्वारा की जाने वाली क्रियाओं व दिव्य ध्वनि के माध्यम से धर्म उपदेश का सजीव मंचन किया जाएगा।
दिल्ली के पंडित अरविंद जैन होंगे प्रतिष्ठाचार्य
आयोजन समिति ने बताया कि इस विशाल प्रतिष्ठा महोत्सव के मुख्य प्रतिष्ठाचार्य 'वाणी भूषण' पंडित अरविंद जैन शास्त्री (दिल्ली) होंगे, जो संपूर्ण धार्मिक क्रियाओं को संपन्न कराएंगे।
कई राज्यों से पहुंचेंगे हजारों श्रद्धालु
इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, अलवर, लक्ष्मणगढ़, रामगढ़, नौगावां, सीकरी और भरतपुर सहित आसपास के कई क्षेत्रों में आमंत्रण पत्रिकायें भेजी गई हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए आवास, भोजन और सुरक्षा की व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

