रोचक गतिविधियों से पढ़ाई को मजेदार बनाएंगी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला एवं बाल विकास विभाग ने शुरू किया क्षमता विकास अभियान
ईसीसीई प्रशिक्षण से निखरेगी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की क्षमता, खेल एवं गतिविधियों से संवरेगा बच्चों का भविष्य
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)। जिले में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) को अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं बाल-केंद्रित बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने बड़ी पहल की है। 'रॉकेट लर्निंग' संस्था एवं समेकित बाल विकास सेवा (ICDS) के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को उच्चैन ब्लॉक के सैदपुरा सेक्टर स्थित सीडीपीओ कार्यालय केंद्र पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए प्रथम चरण का क्षमता विकास प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आधुनिक, नवीन और बाल-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों में दक्ष बनाना है, ताकि केंद्रों पर बच्चों के सीखने का वातावरण अधिक रोचक और सहभागी बन सके।
कागज के गिलासों से समझाया 'मजबूत नींव' का महत्व
जिला समन्वयक प्राची चौधरी ने बताया कि सीडीपीओ साधना सक्सेना एवं सुपरवाइजर इंद्रा नामा के निर्देशन में यह प्रशिक्षण आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत एक अनूठी और रोचक समूह गतिविधि से हुई:
-
टावर गतिविधि: कार्यकर्ताओं ने कागज के गिलासों की सहायता से सबसे ऊंचा टावर बनाया। इसके जरिए समझाया गया कि जिस तरह किसी ऊंचे टावर की मजबूती उसकी नींव पर निर्भर करती है, ठीक उसी तरह बच्चे के जीवन के शुरुआती वर्ष उसके सर्वांगीण विकास की मजबूत आधारशिला होते हैं।
-
अनुभव आधारित अधिगम: प्रतिभागियों को पहले खाद्य पदार्थों के चित्र दिखाए गए और फिर वास्तविक खाद्य पदार्थों का अनुभव कराया गया। इससे कार्यकर्ताओं ने समझा कि बच्चे केवल देखकर या सुनकर सीखने के बजाय खुद अनुभव करके अधिक प्रभावी ढंग से सीखते हैं।
इन विषयों पर दिया गया विशेष मार्गदर्शन
प्रशिक्षण में कार्यकर्ताओं को खेल एवं गतिविधि आधारित अधिगम (Activity-Based Learning), बाल मनोविज्ञान, भाषा एवं संज्ञानात्मक विकास तथा विद्यालय पूर्व शिक्षा (Pre-School Education) के व्यावहारिक पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में प्रतिभागी:
इस दौरान सुमन, पुष्पा देवी, अश्विनी, विनेश कुमारी, रामा देवी, संतोष कुमारी, ममता, शीला देवी, रेखा रानी एवं गीता देवी सहित अनेक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिलेभर में चरणबद्ध रूप से चलेगा अभियान
जिला समन्वयक ने जानकारी दी कि ईसीसीई क्षमता विकास का यह अभियान पूरे जिले में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। इसी कड़ी में आगामी:
-
19 अगस्त: भुसावर ब्लॉक के छौंकारवाड़ा में प्रशिक्षण होगा।
-
21 अगस्त: सीडीपीओ कार्यालय केंद्र में अगला प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

