राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने किया नव अखाड़े का उद्घाटन, कुश्ती परंपरा को आगे बढ़ाने पर दिया जोर
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग एवं गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म गुरुवार को भरतपुर के एक दिवसीय दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में श्री वायुवृक्ष आश्रम ट्रस्ट द्वारा हनुमान मंदिर परिसर, काली की बगीची चौराहे पर नव निर्मित अखाड़े का फीता काटकर उद्घाटन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि ब्रज क्षेत्र में मल्ल विद्या की परंपरा अत्यंत प्राचीन है, जिसका संबंध भगवान श्री कृष्ण एवं बलराम के समय से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि उस समय शुद्ध खान-पान एवं दूध-दही की परंपरा के कारण प्रत्येक परिवार में कुश्ती से जुड़ा कोई न कोई व्यक्ति अवश्य होता था, जिससे क्षेत्र में मल्ल कला का व्यापक विकास हुआ।
उन्होंने कहा कि भरतपुर जिले के अनेक पहलवानों ने राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। हनुमान शाला एवं अखाड़ों के माध्यम से कुश्ती खेल को जीवित रखा गया है और यहां के पहलवानों ने विभिन्न अखाड़ों में अपने कौशल का प्रदर्शन करते हुए पहचान बनाई है।
राज्यमंत्री ने कहा कि भरतपुर, डीग एवं धौलपुर क्षेत्र के पहलवानों का एक समय पूरे राजस्थान में दबदबा रहा है तथा उन्होंने हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। वर्तमान समय में कुश्ती प्रतियोगिताओं में बदलाव आया है और मिट्टी के अखाड़ों के स्थान पर अब मैट पर कुश्ती आयोजित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर, विशेषकर ओलंपिक में भागीदारी के लिए मैट पर कुश्ती का प्रशिक्षण आवश्यक है। इसी उद्देश्य से नए खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीकों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि कई युवा खिलाड़ियों ने स्कूल एवं कॉलेज स्तर पर मैट कुश्ती में गोल्ड मेडल प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में खेल, रोजगार, शिक्षा एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं। भरतपुर में भी विभिन्न विकास कार्यों के लिए पर्याप्त बजट प्रावधान किया गया है।
उन्होंने काली की बगीची स्थित हनुमान मंदिर के नव अखाड़े के विकास हेतु टीन शेड निर्माण, मार्ग सुदृढ़ीकरण एवं कुंड की चारदीवारी एवं सौंदर्यकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने की बात कही। राज्यमंत्री ने कुश्ती मैट पर पहलवानों से मुलाकात कर उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त श्रवण बिश्नोई, जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा, गिरधारी तिवारी, गिरधारी गुप्ता, संजीव चीनिया, बबुआ पहलवान, नत्थन पहलवान, बल्लो पहलवान, दरबारी सरपंच, जगमोहन खटाना, मेघश्याम फौजदार, सत्यप्रकाश लुहाच, जगत गुर्जर, आकाश हथेनी, अनुराग तमरोली, कुलदीप पोसवाल, देवेंद्र चावड़, विनोद कोठारी, रविंद्र जैन, अशोक, संयोजक सियाराम सहित अन्य खिलाड़ी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

