बड़ौदाकान से खाटू श्याम जी के लिए 19वीं पदयात्रा रवाना, 130 श्रद्धालु हुए शामिल
कठूमर (दिनेश लेखी)। ग्राम बड़ौदाकन से बाबा खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए 19वीं पदयात्रा बड़े धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ रवाना हुई। पदयात्रा के शुभारंभ के अवसर पर ग्रामवासियों ने पदयात्रियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान पूरा गांव बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
पदयात्रा के रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों ने बाबा खाटू श्याम की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इसके बाद करीब 130 श्रद्धालुओं का जत्था बाबा के जयकारे लगाते हुए खाटू श्याम जी के लिए पैदल रवाना हुआ। पदयात्रियों के साथ ग्रामीणों ने जगह-जगह स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यकर्ता अजीराम यादव ने बताया कि बड़ौदाकन गांव से प्रत्येक वर्ष बाबा खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए पदयात्रा आयोजित की जाती है। यह लगातार 19वां वर्ष है, जब श्रद्धालु पैदल यात्रा कर बाबा के दरबार में पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि पदयात्रा को लेकर ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहता है और हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होते हैं।
पदयात्रा के दौरान श्रद्धालु हाथों में बाबा श्याम के ध्वज लेकर तथा बाबा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। ग्रामीणों ने पदयात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया। श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के भजनों एवं जयकारों के साथ भक्तिमय वातावरण में यात्रा प्रारंभ की।
पदयात्रा के रवाना होने पर ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए बाबा खाटू श्याम से सभी यात्रियों की सुखद एवं सुरक्षित यात्रा तथा सभी के परिवारों में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर कार्यकर्ता अजीराम यादव, कल्लन नरूका, मुकेश, विश्वेंद्र यादव, रामवीर यादव, मुकेश यादव, पवन यादव सहित श्री श्याम मित्र मंडल बड़ौदाकन के सभी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

