जहाजपुर पालिका चेयरमैन की जंग तेज़: निर्दलीय कांता मीणा ने भरा पर्चा, भाजपा में मंथन जारी
जहाजपुर / मोहम्मद आज़ाद नेब
जहाजपुर पालिका में चेयरमैन पद का सियासी रोमांच चरम पर, कांता मीणा ने निर्दलीय नामांकन दाखिल कर बढ़ाई हलचल
जहाजपुर। नगर पालिका चुनाव में पार्षदों के नतीजे आने के बाद अब जहाजपुर की राजनीति का असली खेल शुरू हो चुका है। अध्यक्ष (चेयरमैन) की कुर्सी को लेकर खींचतान तेज़ हो गई है। निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में कांता मीणा ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सियासी हलकों में एकाएक हलचल बढ़ा दी है।
भाजपा में बहुमत, फिर भी 4 नामों पर मंथन
नगर पालिका के कुल 25 वार्डों में से भाजपा के पास 15 पार्षदों के साथ स्पष्ट बहुमत है, जबकि कांग्रेस को 3 और निर्दलीय प्रत्याशियों को 7 सीटों पर जीत मिली है। बहुमत होने के बावजूद भाजपा में अध्यक्ष पद के चेहरे को लेकर पेंच फंसा हुआ है। सूत्रों के अनुसार अनुशुया शर्मा, अल्केश वैष्णव, अंतिम बाला सोनी और काली देवी मीणा के नामों पर गंभीर मंथन चल रहा है।
विधायक के फैसले और 'परकोटे' की मांग पर नजर
राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि क्षेत्रीय विधायक गोपीचंद मीणा का आशीर्वाद आखिर किस प्रत्याशी को मिलेगा। इसके साथ ही, लंबे समय से चली आ रही 'परकोटे' क्षेत्र से चेयरमैन बनाने की मांग भी इस बार काफी ज़ोर पकड़ रही है।
क्या पलटेगा सियासी ऊंट?
निर्दलीय कांता मीणा के नामांकन के बाद नए सियासी समीकरण बनते दिख रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा किस चेहरे पर दांव लगाती है और विधायक का झुकाव किसकी तरफ रहता है। जहाजपुर पालिका की कुर्सी का फैसला अब सभी की उत्सुकता का केंद्र बना हुआ है।
"बहुमत के बावजूद सस्पेंस कायम: जहाजपुर में चेयरमैन पद का ताज किसके सिर सजेगा, यह आने वाला वक्त बताएगा।"

